मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के सरकाघाट के नैण गांव में सिया गुलेरिया की हत्या के बाद उसका परिवार अभी भी गहरे दुख में है। घर का माहौल पूरी तरह बदल चुका है और हर दिन उनके लिए बेहद भारी गुजर रहा है। बेटी को खोने के बाद पिता जोगिंद्र सिंह जहां एक तरफ इंसाफ के लिए लड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उसकी आत्मा की शांति के लिए भी हर संभव कोशिश कर रहे हैं।
आत्मा की शांति के लिए करवाया शांति हवन
इसी कड़ी में बीते शुक्रवार को उन्होंने एक बेहद भावुक और हिम्मत भरा कदम उठाया। वह खुद उस जगह पर पहुंचे, जहां उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या की गई थी। वही जगह, जिसे याद करके ही परिवार कांप उठता है, वहां जाकर उन्होंने शांति हवन किया और अपनी बेटी के लिए प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें : HRTC बस के जरिए नशा तस्करी, यात्री के बैग में थी लाखों की चरस- पुलिस ने फेल किया मिशन
घर पर भी करवाया पूजा-पाठ
इससे पहले सुबह घर पर भी पूजा-पाठ और हवन कराया गया, जिसमें रिश्तेदारों और करीबी लोगों ने हिस्सा लिया। घर में पूजा के बाद पिता और अन्य परिजन घटनास्थल की ओर रवाना हुए। वहां पहुंचकर उन्होंने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ हवन किया, ताकि उस स्थान की नकारात्मकता दूर हो सके और सिया की आत्मा को शांति मिले।
लोगों की आखें हुई नम
जब गांव के लोगों ने यह दृश्य देखा कि एक पिता अपनी बेटी को खोने के बावजूद उसी जगह पर बैठकर उसके लिए पूजा कर रहा है, तो माहौल बेहद भावुक हो गया। कई लोगों की आंखें नम हो गईं और हर कोई इस दर्द को महसूस कर रहा था।
यह भी पढ़ें : "यू टर्न" की मास्टर बनी सुक्खू सरकार, एक और फैसले पर मारी पलटी; अब तक 13 बदले
क्या था मामला ?
बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल को सिया अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। लेकिन घर से करीब एक किलोमीटर दूर रास्ते में ही उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे हिमाचल प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था और लोगों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिला था।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं सिया के पिता का कहना है कि वह अपनी बेटी के लिए इंसाफ की लड़ाई अंत तक लड़ेंगे और दोषी को सजा दिलाकर ही दम लेंगे।
यह भी पढ़ें : सुख की सरकार ने बेबस हुए विधायक! बजट ना मिलने से लटके खेल मैदान-जिम निर्माण के काम
बेटी की शांति के लिए पिता का भावुक कदम
साथ ही, उनका यह भी कहना है कि एक पिता के तौर पर उनका कर्तव्य सिर्फ न्याय पाना ही नहीं, बल्कि अपनी बेटी की आत्मा को शांति दिलाना भी है। इसलिए उन्होंने उस दर्दनाक जगह पर जाकर उसके लिए प्रार्थना की, जहां उसने अपनी आखिरी सांस ली थी।
