नई दिल्ली/शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली दौरे पर हैं। प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा में बेघर हुए लोगों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं। शुक्रवार देर शाम को सीएम सुक्खू ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर प्रदेश में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से उत्पन्न संकट की विस्तृत जानकारी साझा की।
आपदा पीड़ितों को एक एक बीघा वन भूमि देने की मांग
मुख्यमंत्री सुक्खू ने वन क्षेत्रों में पुनर्वास को लेकर केंद्रीय मंत्री से वन नियमों में ढील देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि हिमाचल का 68 प्रतिशत भूभाग वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है, ऐसे में आपदा प्रभावितों को बसाने के लिए केंद्र सरकार को विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नियमों में लचीलापन लाना होगा। सीएम सुक्खू ने केंद्रीय वन मंत्री से आपदा में बेघर हुए लोगों को एक एक बीघा वन भूमि देने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने पूरी की विधायक पत्नी की मांग, 19 करोड़ किए मंजूर- जानिए कहां होंगे खर्च
आपदा से हुए नुकसान की भी दी जानकारी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि इस बार के मानसून में प्रदेश को भारी क्षति हुई है। सड़कें, पुल, भवन, जलापूर्ति योजनाएं, आवासीय संपत्तियां तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा नष्ट हुआ है। इससे भी अधिक गंभीर बात यह रही कि कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है, और कई परिवारों ने अपनी जमीन तक खो दी है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि ऐसे विस्थापित परिवारों को पुनर्वास के लिए एक.एक बीघा वन भूमि आवंटित करने की अनुमति दी जाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के राशन डिपुओं में कम मिलेगा आटा, चने की दाल और सरसों तेल भी लिस्ट से बाहर- जानें
गाद के उचित निपटान को केंद्र जारी करे जरूरी निर्देश
बैठक में नदियों में बढ़ती गाद पर भी चर्चा हुई। सुक्खू ने इस ओर इशारा किया कि गाद भरने के कारण नदियों का बहाव अवरुद्ध हो रहा है जिससे बाढ़ और भू.स्खलन जैसे खतरे और बढ़ गए हैं। उन्होंने आपदा निवारण के लिए गाद के उचित निपटान हेतु केंद्र से जरूरी निर्देश जारी करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में बादल फटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, और इसका संबंध जलवायु परिवर्तन से है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर गृह मंत्री से भी चर्चा हो चुकी है और एक केंद्रीय विशेषज्ञ टीम हिमाचल दौरे पर आई थी, जिसने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का अध्ययन किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कहर बनकर बरस रहे बादल: नदी में आई बाढ़, आज हाई अलर्ट पर ये जिले
कांग्रेस के संविधान चुनौती कार्यक्रम में लिया भाग
मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिल्ली प्रवास के दौरान कांग्रेस के संविधान चुनौती कार्यक्रम में भाग लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सूत्रों के अनुसार वे आज शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी भेंट कर सकते हैं। इस दौरान वे हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर विशेष राहत पैकेज की मांग उठाएंगे।
कल चंबा आने के बाद फिर दिल्ली लौटेंगे सीएम
मुख्यमंत्री सुक्खू 3 अगस्त को दिल्ली से सीधे चंबा जाएंगे, जहां वे अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके अलावा वे आम जनता की समस्याएं भी सुनेंगे। 4 अगस्त को मुख्यमंत्री चंबा में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। उसके बाद वे कांगड़ा जाएंगे और कुछ समय वहां रुकने के बाद दिल्ली लौटेंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शराब पीने वालों के लिए बड़ी खबर: एक क्लिक में खुलेगा हर बोतल का राज; जानें कैसे
4 अगस्त को कांग्रेस की अहम बैठक
कांग्रेस हाईकमान ने 4 अगस्त को दिल्ली में एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें मुख्यमंत्री सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित पांच से छह वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इस बैठक में पार्टी संगठन को लेकर मंथन और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा संभावित है।
