#विविध

May 24, 2026

हिमाचल में रोमांचक सफर: बर्फीले पहाड़ों के बीच दौड़ेगी HRTC बस, इस दिन शुरू होगा दिल्ली-लेह रूट

सफर में दिखेंगे बर्फीले पहाड़ और खूबसूरत नजारे

शेयर करें:

Delhi Leh Bus Service

लाहौल। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में लंबे समय तक चली कड़ाके की सर्दी और भारी बर्फबारी के बाद अब यात्रियों और पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) 26 मई से दिल्ली-केलांग-लेह बस सेवा को दोबारा शुरू करने जा रहा है। बर्फबारी और सड़क मार्ग बंद होने के कारण यह बस सेवा पिछले कई महीनों से बंद थी। अब सड़कें बहाल होने के बाद निगम ने फिर से इस रूट पर बस चलाने का फैसला लिया है।

 

इस खबर के सामने आते ही लेह घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। हर साल गर्मियों के मौसम में बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग इस खूबसूरत रूट का आनंद लेने पहुंचते हैं।

सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी

HRTC केलांग के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल-स्पीति की ओर से केलांग-लेह मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इसके बाद निगम की ओर से सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादीशुदा महिला लापता, 24 घंटे से ढूंढ रहा पति- नहीं मिला कोई सुराग; करें मदद

उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद अब यात्रियों के लिए बस सेवा दोबारा शुरू की जा रही है। निगम की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं।

सफर में दिखेंगे बर्फीले पहाड़ और खूबसूरत नजारे

दिल्ली से लेह जाने वाली यह बस राष्ट्रीय राजमार्ग-03 से होकर गुजरेगी। इस यात्रा के दौरान यात्री हिमाचल और लद्दाख के कई खूबसूरत इलाकों का आनंद ले सकेंगे। बस जिस्पा, दारचा, जिंगजिंग बार, बारालाचा ला, भरतपुर, सरचू, गाटा लूप्स, नकी ला पास, तंगलंग ला, रुम्तसे और उपशी जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों से होकर लेह पहुंचेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चुनावी तैयारियों के बीच बड़ा खेला : प्रधान पद के बैलेट पेपर गायब; ARO समेत 9 पर गिरी गाज

यह पूरा रूट प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर माना जाता है। रास्ते में ऊंचे पहाड़, बर्फ से ढकी चोटियां, घुमावदार सड़कें और ठंडी हवाएं यात्रियों के सफर को यादगार बना देती हैं। खासकर बाइक राइडर्स और एडवेंचर पसंद करने वाले लोग हर साल इस रूट का बेसब्री से इंतजार करते हैं।

दिल्ली से लेह तक करीब 990 किलोमीटर का सफर

HRTC  के अनुसार दिल्ली से लेह तक की कुल दूरी करीब 990 किलोमीटर है। इस लंबे सफर के लिए किराया 1839 रुपये तय किया गया है। निगम की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी की गई है। यात्री एचआरटीसी के पोर्टल पर जाकर घर बैठे टिकट बुक कर सकते हैं। इससे यात्रियों को सीट बुकिंग में आसानी होगी और उन्हें लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से काम करने निकला था शख्स, परिजनों को गहरी खाई में मिली देह- पसरा मातम

जानिए बस का पूरा रूट और टाइम टेबल

HRTC  के अनुसार बस दिल्ली से दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। इसके बाद बस अलग-अलग शहरों और पड़ावों से होकर आगे बढ़ेगी।

  • अंबाला कैंट- शाम 3:50 बजे
  • चंडीगढ़ – शाम 6:20 बजे
  • मंडी -रात 10:55 बजे
  • कुल्लू -रात 1:30 बजे
  • मनाली -रात 2:30 बजे
  • केलांग- सुबह 5:30 बजे
  • इसके बाद बस अगले दिन शाम 7 बजे लेह पहुंचेगी
  • वहीं वापसी में बस लेह से सुबह 3:30 बजे रवाना होगी और शाम 4:30 बजे केलांग पहुंचेगी

चंडीगढ़-केलांग बस सेवा भी शुरू

क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि HRTC केलांग ने चंडीगढ़ बस सेवा का संचालन भी दोबारा शुरू कर दिया है। यह बस शाम 5:30 बजे रवाना होगी। उन्होंने कहा कि गर्मियों के मौसम में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, इसलिए निगम की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : आज 3 बजे के बाद थमेगा प्रचार का शोर; 48 घंटे तक ठेके-BAR बंद

यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की अपील

HRTC प्रबंधन ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें। पहाड़ी इलाकों में मौसम कभी भी बदल सकता है, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। निगम ने लोगों से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है, ताकि सफर सुरक्षित और आरामदायक बना रहे।

पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बना लेह रूट

हर साल गर्मियों में दिल्ली-लेह रूट पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन जाता है। खासकर बर्फीले पहाड़ों और एडवेंचर ट्रिप का शौक रखने वाले लोग इस रूट पर यात्रा करना पसंद करते हैं। अब बस सेवा शुरू होने से न केवल पर्यटकों को राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों और व्यापार से जुड़े लोगों को भी फायदा पहुंचेगा।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख