#विविध
May 26, 2026
हिमाचल : 1293 पंचायतों में वोटिंग शुरू, बूथों पर उमड़ी भारी भीड़- शाम 3 बजे तक होगा मतदान
लोगों में भारी उत्साह, वोट डालने के लगी लंबी-लंबी कतारें
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के पहले चरण के तहत आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। राज्य की 1293 पंचायतों में लोग अपने गांव की नई पंचायत चुनने के लिए उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही वोट डालने वालों की कतारें देखने को मिलीं और कई जगह बुजुर्गों व महिलाओं में भी खास उत्साह नजर आया। इस चरण में करीब 18 लाख 23 हजार 030 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इनमें 9 लाख 23 हजार 215 पुरुष मतदाता, 8 लाख 99 हजार 766 महिला मतदाता और 49 अन्य श्रेणी के वोटर शामिल हैं। चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
मतदान प्रक्रिया दोपहर तीन बजे तक चलेगी। इसके तुरंत बाद पंचायत भवनों में प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए डाले गए मतों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। अधिकांश पंचायतों में देर शाम तक परिणाम घोषित होने की संभावना है, हालांकि दुर्गम और दूरदराज के क्षेत्रों में नतीजे आने में कुछ अधिक समय लग सकता है।
पंचायत समिति सदस्य BDC और जिला परिषद सीटों की मतगणना 31 मई को की जाएगी। मतदान समाप्त होने के बाद इन दोनों पदों की मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा।
इन चुनावों में प्रत्येक मतदाता कुल पांच वोट डालेगा। इसमें प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, BDC सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए अलग-अलग मतदान किया जाएगा। प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य के मतपत्र एक ही मतपेटी में डाले जाएंगे, जबकि बीडीसी और जिला परिषद के लिए अलग बैलेट बॉक्स रखे गए हैं। मतदान के लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य रखा गया है।