#विविध
May 24, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव : आज 3 बजे के बाद थमेगा प्रचार का शोर; 48 घंटे तक ठेके-BAR बंद
26 मई, मंगलवार को 1258 पंचायतों में मतदान
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं। राज्य की 1258 पंचायतों में 26 मई को मतदान होना है। इसके चलते आज दोपहर 3 बजे के बाद चुनाव प्रचार पूरी तरह थम जाएगा। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में अगले 48 घंटे तक ड्राई-डे भी लागू रहेगा।
राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद सभी जिलों के डीसी और एसडीएम ने आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के अनुसार प्रचार बंद होने के बाद उम्मीदवार किसी भी प्रकार की जनसभा, रैली, जुलूस या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा टीवी, सिनेमा, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से चुनाव प्रचार पर भी रोक रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान से 48 घंटे पहले मतदाताओं को प्रभावित करने वाले संगीत कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और मनोरंजन गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी। यह कदम पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।
चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए दुर्गम क्षेत्रों में तैनात कुछ पोलिंग पार्टियों को आज ही मतदान सामग्री और मतपेटियों के साथ रवाना किया जा सकता है। जबकि अधिकांश पोलिंग पार्टियां कल सुबह अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी बूथ समय रहते मतदान के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएं।
26 मई को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा, जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा। पंचायत चुनाव में मतदाता पांच अलग-अलग पदों के लिए मतदान करेंगे। इनमें प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, BDC सदस्य और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। यानी प्रत्येक मतदाता को पांच वोट डालने होंगे।
मतदान समाप्त होने के बाद प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना संबंधित पंचायत भवनों में ही की जाएगी और देर शाम तक इनके परिणाम घोषित होने की संभावना है। वहीं BDC और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती 31 मई को होगी। तब तक इन पदों की मतपेटियां स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखी जाएंगी।
राज्य चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए अलग-अलग पदों हेतु अलग रंग के मतपत्र निर्धारित किए हैं। वार्ड सदस्य के लिए सफेद, उपप्रधान के लिए पीला, प्रधान के लिए हल्का हरा, पंचायत समिति सदस्य के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्य के लिए नीले रंग का मतपत्र इस्तेमाल किया जाएगा।
प्रदेश में पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 26 मई को 1258 पंचायतों में मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 28 मई को 1170 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। 31 मई को बीडीसी और जिला परिषद के परिणामों के साथ पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ड्यूटी पर तैनात थी महिला कॉन्स्टेबल, बोलेरो-कैंपर ने मार दी टक्कर- 10 फुट दूर जाकर गिरी
इस बीच राज्य की 131 पंचायतों में कई पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इनमें प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पद शामिल हैं- जहां चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी।