नाहन। हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। इसका सबसे अधिक असर स्कूल कॉलेज जाने वाले छात्रों पर पड़ रहा है। दोपहर को छुट्टी के बाद यह बच्चे इस झुलसती गर्मी में घर पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग ने भी कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। जिसे देखते हुए अब हिमाचल के सिरमौर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने स्कूलों की टाइमिंग में बड़ा बदलाव किया है।
कई जिलों के लिए हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती हैए जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी का असर और अधिक बढ़ने की संभावना है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलनेए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : धर्म संकट में फंसा पति, वॉर्ड पंच के लिए पत्नी और सगी बहन आमने-सामने
सभी सरकारी निजी स्कूलों का बदला समय
भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। विद्यार्थियों को गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने के लिए सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन का मानना है कि बढ़ती गर्मी के बीच बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : दो दोस्तों ने लूटी छात्रा की इज्ज.त, कंप्यूटर सेंटर में हुई थी दोस्ती- वीडियो भी बनाई
अब सुबह जल्दी लगेंगे स्कूल
जारी आदेशों के अनुसार उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आने वाले अधिकांश सरकारी और निजी स्कूल अब सुबह आठ बजे से संचालित होंगे। आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की छुट्टी दोपहर बारह बजकर तीस मिनट पर होगी, जबकि नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं दोपहर एक बजे तक चलेंगी। इससे बच्चों को दोपहर की तीखी धूप और गर्म हवाओं से राहत मिल सकेगी।
धूप में प्रार्थना सभा और खेलकूद पर रोक
प्रशासन ने केवल समय परिवर्तन ही नहीं किया है, बल्कि स्कूलों को अतिरिक्त दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। आदेशों के तहत धूप में प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य बाहरी गतिविधियों के आयोजन पर रोक लगाई गई है। स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि विद्यार्थियों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : विदेश में नौकरी करने का मौका, हर महीने मिलेगी एक लाख तक सैलरी- जल्द करें अप्लाई
हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का बढ़ा खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक गर्मी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, थकावट, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। यही कारण है कि प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए समय में बदलाव का निर्णय लिया है ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
फिलहाल महीने के अंत तक लागू रहेंगे आदेश
प्रशासन द्वारा जारी नए आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और फिलहाल माह के अंत तक प्रभावी रहेंगे। स्थिति के अनुसार आगे भी इन आदेशों को जारी रखने या उनमें बदलाव करने पर फैसला लिया जा सकता है। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिए हैं कि आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बढ़ता कुत्तों का आतंक : 3 साल में 3 लाख लोगों को काटा, 11 की मौ.त- सुप्रीम कोर्ट हुआ सख्त
बढ़ती गर्मी ने बढ़ाई चिंता
प्रदेश के मैदानी इलाकों में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग की चेतावनी और बढ़ते तापमान को देखते हुए आने वाले दिनों में लोगों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत होगी। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को गर्मी से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
