शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसरों के सैकड़ों पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अब अतिरिक्त समय मिल गया है। बड़ी संख्या में युवाओं की मांग को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है, जिससे उन उम्मीदवारों को भी अवसर मिलेगा जो किसी कारणवश समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे।
युवाओं को मिला बड़ा मौका
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) द्वारा कॉलेज कैडर में असिस्टेंट प्रोफेसर के 373 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। अब उम्मीदवार 15 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। प्रदेश में लंबे समय से उच्च शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इसे एक बड़ी अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेना के अधिकारी ने 93 हजार में बेच दिया इमान, CBI ने रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा
उच्च शिक्षा विभाग में होगी नियुक्ति
यह भर्ती उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को जॉब ट्रेनी आधार पर नियुक्त किया जाएगा। भर्ती का उद्देश्य प्रदेश के सरकारी महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाना तथा खाली पड़े पदों को भरना है।
35 हजार रुपये मासिक मिलेगा मानदेय
भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 35 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। यह अवसर उन युवाओं के लिए विशेष महत्व रखता है जो लंबे समय से शिक्षण क्षेत्र में सरकारी सेवा प्राप्त करने की तैयारी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में टीचरों की डबल ड्यूटी: पहले स्कूल में पढ़ाना होगा, फिर जनगणना का भी जिम्मा
इन विषयों में सबसे अधिक पद
रिक्त पदों की बात करें तो अंग्रेजी विषय में सबसे अधिक 39 पद उपलब्ध हैं। इसके अलावा रसायन विज्ञान और हिंदी में 34-34 पद भरे जाएंगे। भौतिक विज्ञान तथा गणित के लिए 25-25 पद निर्धारित किए गए हैं। वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान और भूगोल में 20-20 पद रखे गए हैं। वहीं शारीरिक शिक्षा के लिए 23, इतिहास के लिए 19, समाजशास्त्र के लिए 17 तथा राजनीति विज्ञान के लिए 16 पद उपलब्ध हैं।
कई अन्य विषयों में भी अवसर
वाणिज्य, लोक प्रशासन, मनोविज्ञान और अर्थशास्त्र सहित कई विषयों में भी भर्ती की जाएगी। इसके अलावा संस्कृत, भूविज्ञान, दर्शनशास्त्र, संगीत, नृत्य और तबला जैसे विषयों के लिए भी पद निर्धारित किए गए हैं, जिससे विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पति से झगड़े के बाद कमरे से बाहर चली गई पत्नी, वापस लौटी तो उजड़ चुकी थी दुनिया
SET-2026 उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी होंगे पात्र
आयोग ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2026 की राज्य पात्रता परीक्षा (SET) उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी भी इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे। इससे बड़ी संख्या में नए उम्मीदवारों को आवेदन का मौका मिलेगा।
आयु सीमा और अन्य शर्तें
भर्ती परीक्षा में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 वर्ष से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें : कार्यकाल के अंतिम वर्ष में सुक्खू कैबिनेट में होगा फेरबदल!, एक मंत्री भी बनेगा; रजनी पाटिल ने दिए संकेत
प्रदेश के युवाओं में बढ़ी उत्सुकता
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच इस भर्ती को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। आवेदन तिथि बढ़ने के बाद अब और अधिक उम्मीदवारों के भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की संभावना है। शिक्षा क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती सुनहरा अवसर साबित हो सकती है।
