ऊना। हिमाचल प्रदेश में फ्रॉड, ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। आए दिन प्रदेश के किसी ना किसी कोने से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं, जिनमें आम लोग ठगों के जाल में फंसकर अपनी खून-पसीने की कमाई गंवा रहे हैं। इसी कड़ी में अब ताजा मामला ऊना जिले से सामने आया है- जहां पर दो परिवार ठगी का शिकार हुए हैं।

विदेश भेजने के नाम पर ठगी

यह मामला जिले के मैहतपुर थाना अंतर्गत सासन गांव से सामने आया है। यहां पर विदेश में नौकरी दिलवाने के नाम पर दो परिवार लाखों रुपये की ठगी का शिकार हो गए हैं। यह मामला अब पुलिस की जांच के दायरे में आ गया है।

यह भी पढ़ें : चूड़ा-मेहंदी वाले हाथ सूने कर गया पहलगाम- 6 दिन में उजड़ा हिमांशी का सुहाग, हिमाचल के लोगों में भी उबाल

पति-पत्नी ने चली चाल

शिकायतकर्ता पल्लवी निवासी सासन ने आरोप लगाया है कि पंजाब के कपूरथला निवासी लखविंदर सिंह और उसकी पत्नी शालु ने उन्हें पुर्तगाल भेजने का झांसा देकर यह रकम ऐंठी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खुद को बताया विदेशी नागरिक

पल्लवी के अनुसार, अढ़ाई वर्ष पहले लखविंदर सिंह और उसकी पत्नी शालु उनके घर आए थे। उन्होंने दावा किया कि वे पुर्तगाल में काम करते हैं और वहां के स्थायी नागरिक हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पल्लवी के देवर प्रदीप कुमार को पुर्तगाल में नौकरी पर लगवा देंगे। इसके एवज में शुरुआत में दो लाख रुपये की मांग की गई और शेष राशि वीजा लगने के बाद देने की बात कही गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बेशर्म टीचर की करतूत, छात्रा से स्कूल में की छेड़छाड़- फोन पर भेजे गंदे मैसेज

दो परिवारों से ऐंठे लाखों

पल्लवी का कहना है कि दिसंबर 2022 में उन्होंने दो लाख रुपये लखविंदर के बैंक खाते में जमा करवा दिए। बाद में, उनके रिश्तेदार मीना रानी के बेटे को भी विदेश भेजने का झांसा देते हुए दो लाख रुपये और ले लिए गए। छह महीने बाद लखविंदर ने वीजा की एक PDF फाइल भेजी और बकाया दो लाख रुपये शालु को देने के लिए कहा। पल्लवी के मुताबिक, उन्होंने खुद पंजाब जाकर शालु को नकद दो लाख रुपये भी सौंपे।

 

इसके बाद ना तो वीजा मिला और ना ही कोई नौकरी की व्यवस्था की गई। पल्लवी ने बताया कि पिछले ढाई सालों में जब भी उन्होंने संपर्क किया, तो आरोपी दंपति ने बहानेबाजी की। अब हालात ऐसे हैं कि वे न केवल पैसे लौटाने से इनकार कर रहे हैं, बल्कि फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर धमकियां भी दे रहे हैं। उनके 6 लाख डकार कर अब शातिर पति-पत्नी अपनी बात से मुकर रहे हैं।

यह भी पढ़ें : पहलगाम घटना पर हिमाचल में जबरदस्त प्रदर्शन, कांग्रेस ने स्थगित की रैली- बाजार बंद, लोगों में रोष

ASP ऊना संजीव भाटिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर दंपति के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें