ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में महिला सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। विकास खंड अंब के अंतर्गत आने वाली एक ग्राम पंचायत में एक महिला ने पंचायत के उपप्रधान समेत तीन लोगों पर गंभीर आरोप जड़े हैं।
महिला के साथ अभद्र व्यवहार
महिला ने तीनों लोगों पर उसके घर में जबरन पहुंचकर अभद्र व्यवहार करने, गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला ने तीनों के खिलाफ अंब थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उधर, महिला की शिकायत के आधार पर अंब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- HP पुलिस में बगावत! सीनियर्स पर आरोप, DGP के खिलाफ भी शिकायत, महिला कर्मियों ने बताई...
दुबई में रहता है महिला का पति
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहता है। ऐसे में वह अपनी बेटी के साथ घर पर रहती है। महिला का आरोप है कि 23 अगस्त की रात करीब 8 बजे पंचायत का उपप्रधान अपने दो साथियों के साथ उसके घर के बाहर पहुंचा।
घर में जबरन घुसा उपप्रधान
शिकायत के अनुसार, वहां पहुंचते ही तीनों ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और उसके चरित्र को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने इस व्यवहार का विरोध किया तो मामला और बढ़ गया। उसके अनुसार, आरोपियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट भी की।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी अस्पताल में नहीं होंगे फ्री टेस्ट...इलाज का खर्च भी हुआ महंगा, जानें क्यों
कपड़े फटे, शरीर पर खरोंचें
इस दौरान उसके कपड़े फट गए और शरीर पर खरोंचें भी आईं। महिला का कहना है कि घटना के दौरान वह काफी डर गई और अपनी सुरक्षा के लिए घर के एक कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया।
गाली-गलौच की, जान से मारने की धमकी
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कमरे में बंद होने के बावजूद आरोपी बाहर से लगातार गाली-गलौच करते रहे और उसे धमकियां देते रहे। महिला का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए महिला ने तत्काल फोन कर अपने मायके पक्ष के लोगों को पूरे मामले की जानकारी दी और सहायता के लिए बुलाया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : साफ मौसम में दरका पहाड़- रास्ते में फंसी कई गाड़ियां, मलबे का सैलाब देख सहमे लोग
परिजनों को भी नहीं छोड़ा
महिला के परिजन जब उसकी मदद के लिए वहां पहुंच रहे थे तो रास्ते में कथित तौर पर आरोपियों का उनसे भी सामना हुआ। शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान आरोपियों ने महिला के परिजनों के साथ भी गाली-गलौच की। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस उप अधीक्षक अम्ब के कार्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाने पहुंची पीड़ित महिला
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पंचायत उपप्रधान सहित तीन लोगों के खिलाफ BNS के विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- श्रीखंड महादेव की यात्रा शुरू- रास्ते में रहेगा ITBP का पहरा , जानें कब निकलेगा पहला जत्था
जांच में जुटी पुलिस टीम
पुलिस अब शिकायतकर्ता के बयान, घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल करेगी। साथ ही घटना के दौरान मौजूद या घटनाक्रम से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
