ऊना। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर बुलेट बाइक से पटाखे मारकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले युवकों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करती है। पुलिस ऐसे युवाओं पर सख्त कार्रवाई करती है। ऐसी ही एक कार्रवाई के दौरान ऊना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। आमतौर पर ऐसे मामलों में सिर्फ चालान होता था, लेकिन शनिवार देर शाम मैहतपुर थाना पुलिस की कार्रवाई ने सबको चौंका दिया। बुलेट की आवाज़ों के पीछे छिपा नशे का खेल बेनकाब हो गया।
औद्योगिक क्षेत्र मैहतपुर में जब दो युवक तेज आवाज़ के साथ अपनी बुलेट बाइक दौड़ाते हुए आगे बढ़ रहे थे, तब पुलिस टीम को शक हुआ और तुरंत बाइक को रुकवाया गया। जैसे ही तलाशी शुरू हुई, मामला ध्वनि प्रदूषण से निकलकर सीधा नशे के सौदे तक पहुंच गया।
यह भी पढ़ें : CM के दौरे से पहले मंडी की सड़कों पर लीपापोती- मिट्टी और बजरी डाल किया जुगाड़
बुलेट रोकी तो निकल आया चिट्टा
एसपी ऊना अमित यादव के अनुसार एसआई नरेन्द्र सिंह की अगुवाई वाली पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान भटोली की ओर से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल पटाखे जैसी आवाजें निकालती हुई गुजर रही थी। बाइक को रोका गया और पूछताछ में चालक की पहचान अंश द्विवेदी निवासी बास, जिला रूपनगर पंजाब तथा पीछे बैठे युवक की पहचान मोहित कुमार निवासी जखेड़ा, जिला ऊना के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बाइक से 10.50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत दोनों युवकों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के युवाओं को चढ़ा विदेशी सिगरेट का चस्का- पकड़े गए कई पैकेट, मिली ऐसी सजा
ध्वनि प्रदूषण में पकड़े युवकों से मिला नशा
पुलिस के मुताबिक कुछ युवक अपनी बुलेट बाइक में बदलाव कर पटाखों जैसी जोरदार आवाजें निकालते हैं, जिससे न सिर्फ सड़क पर अफरातफरी मचती है बल्कि ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। लेकिन शनिवार की कार्रवाई में यह भी साफ हो गया कि इस शोर के पीछे कई बार बड़ी आपराधिक गतिविधियां भी छिपी हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें : IGMC के डॉक्टरों का कमाल : मरीज को दिया नया जीवन, लीवर-किडनी से निकाला 3KG का ट्यूमर
आगे की जांच शुरू
एसपी अमित यादव ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ चल रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि चिट्टा कहां से आया और किसे सप्लाई करना था। पुलिस ने साफ किया है कि बुलेट से पटाखे मारने जैसी हरकतें केवल चालान भर की बात नहीं रह गईं। अब ऐसे मामलों में सख्त जांच होगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
