ऊना। हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों में बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ बिगड़ैल तत्व अब माहौल को बिगाड़ने लगे हैं। मंगलवार देर शाम ऊना शहर में ऐसी ही एक घटना सामने आई जब पंजाब नंबर की एक कार में सवार दो युवकों ने एमसी पार्क के समीप खुलेआम गुंडागर्दी करने की कोशिश की। घटना के दौरान एक युवक ने खुद को विधायक का बेटा बताकर धमकी दी और कार से बंदूक निकालने की बात कही। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और एकजुटता ने स्थिति को संभाल लिया और दोनों युवकों को माफी मांगकर भागना पड़ा।
क्या था पूरा मामला
मंगलवार शाम करीब 6:45 बजे एमसी पार्क के पास एक सब्जी रेहड़ी पर एक किशोरी और एक स्थानीय सब्जी विक्रेता के बीच कहासुनी हो गई। थोड़ी ही देर में किशोरी ने अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच एक सफेद रंग की पंजाब नंबर कार वहां आकर रुकी, जिसमें दो युवक सवार थे। ये युवक कथित तौर पर किशोरी के समर्थन में उतरे और आते ही रेहड़ी वाले को धमकाने लगे।
यह भी पढ़ें : सेब से लदे पेड़ों पर आरी चलाने से शिक्षा मंत्री नाखुश, CM सुक्खू को याद दिलाई वीरभद्र सरकार की नीति
स्थानीय लोगों ने की छित्तर परेड़
जब स्थानीय लोगों ने बीच.बचाव कर शांति बनाए रखने की कोशिश की, तो उनमें से एक युवक बुरी तरह उग्र हो गया और खुद को विधायक का बेटा बताते हुए कार से बंदूक निकालने की धमकी देने लगा। इस पर स्थानीय लोगों का पारा चढ़ गया। उन्होंने बिना देर किए दोनों युवकों को काबू में लेकर जमकर लताड़ लगाई और हाथ साफ भी कर दिए।
नशे में धुत थे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक शराब के नशे में धुत थे और उनके हाव.भाव से साफ जाहिर था कि वे स्थानीय लोगों को डरा.धमकाकर निकल जाना चाहते थे। लेकिन हिमाचल की शांतिप्रिय जनता ने इस बार संयम नहीं खोया और कानून के दायरे में रहते हुए युवकों को सबक सिखा दिया। आखिरकार दोनों युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए वहां से निकल गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में छात्र ने त्यागे प्राण, माता पिता पहले ही छोड़ गए थे दुनिया
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी ऊना संजीव भाटिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। एएसपी भाटिया ने बताया कि इस मामले में यदि किसी की ओर से औपचारिक शिकायत मिलती है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बिजली के करंट की चपेट में आया 30 साल का युवक, परिजनों को छोड़ गया बेसहारा
पर्यटकों का हुड़दंग चिंता का विषय
बता दें कि हिमाचल प्रदेश की सीमाएं पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे राज्यों से लगती हैं। यहां हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं, जो राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लेकिन हाल के वर्षों में देखा गया है कि कुछ पर्यटक घूमने के बहाने राज्य में नशा, हथियार और गुंडागर्दी लेकर आते हैं, जो यहां की सामाजिक शांति के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।
