देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों का आनंद लेने आने वाले बाहरी राज्यों के कई पर्यटक आए दिन यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं। कभी चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर नशे का सेवन करते हुए वीडियो वायरल होते हैं तो कभी सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में सड़कों को स्टंट का मंच बना दिया जाता है। पुलिस ऐसे बिगड़ैल पर्यटकों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है] लेकिन इसके बावजूद भी कई लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला कांगड़ा जिला के देहरा से सामने आया है] जहां एक हरियाणवी जोड़े को चलती कार पर खतरनाक स्टंटबाजी और आशिकी फरमाना महंगा पड़ गया।
हनुमान चौक पर किया जानलेवा स्टंट
जानकारी के अनुसार देहरा के व्यस्त हनुमान चौक क्षेत्र में हरियाणा नंबर की एक कार में सवार युवक-युवती ने बीच सड़क पर यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती चलती कार के बोनट पर बैठी हुई थी, जबकि युवक कार की सनरूफ खोलकर आधा शरीर बाहर निकालकर सफर कर रहा था। सड़क पर मौजूद लोगों ने जब यह नजारा देखा तो हर कोई हैरान रह गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल स्टंट करने वालों की जान जोखिम में डालती हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं।
यह भी पढ़ें : महंगाई के बीच सुक्खू सरकार का तोहफा- हजारों बिजली कर्मचारियों की दिहाड़ी बढ़ी
पुलिस ने रोका तो गाड़ी लेकर भाग गया चालक
मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की नजर जैसे ही इस खतरनाक स्टंटबाजी पर पड़ी, उन्होंने तुरंत वाहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहा। लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
मामले को गंभीरता से लेते हुए देहरा पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान वाहन की पहचान कर ली गई। पुलिस ने कार और उसके चालक का पता लगाकर मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई अमल में लाई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : एडमिट कार्ड में मिला फर्जी सेंटर, छात्रा नहीं दे सकी NEET परीक्षा- एक साल बर्बाद
₹3500 का चालान, पुलिस की सख्त चेतावनी
वाहन चालक के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में ₹3500 का चालान किया गया है। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग हरियाणा के गुरुग्राम स्थित वजीराबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं।
रील और रोमांच के चक्कर में न डालें जान जोखिम में
पुलिस जिला देहरा के अधीक्षक मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सड़क पर इस प्रकार की स्टंटबाजी किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। कुछ सेकंड का रोमांच जिंदगीभर का पछतावा बन सकता है। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : नई बाइक बनी काल, घर से कुछ ही दूरी पर ट्रक से टकराई, 22 वर्षीय युवक की मौ.त
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
देहरा पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि सड़क पर रील बनाने, स्टंटबाजी करने, सनरूफ से बाहर निकलने, वाहन की छत या बोनट पर बैठकर सफर करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि सड़कें सुरक्षित आवागमन के लिए हैं, मनोरंजन या स्टंटबाजी के लिए नहीं।
