शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। दोनों स्कूलों को धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने एहतियाती कदम उठाते हुए विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी और उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया।
दो स्कूलों को मिली धमकी
धमकी मिलने की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता दोनों स्कूलों में पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसरों को खाली करवाया गया और कक्षाओं समेत आसपास के क्षेत्रों में बारीकी से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों स्कूलों में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: टेलर हैं पिता, मां आंगनबाड़ी वर्कर; बेटी ने कठिन परीक्षा पास कर बढ़ाया मान
बम से उड़ा देंगे स्कूल...
जानकारी के अनुसार कालीबाड़ी के समीप स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। ईमेल सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने बिना किसी जोखिम के पुलिस को इसकी जानकारी दी और विद्यार्थियों को छुट्टी कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने दोनों परिसरों में जांच शुरू की। टीमों ने स्कूल की कक्षाओं, कमरों, परिसर और आसपास के संभावित स्थानों को खंगाला। काफी देर तक चली जांच के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: मुझे माफ करना मां और छोटे भाई…. 29 वर्षीय युवती ने त्यागे प्राण- परिवार में शोक
बच्चों की स्कूल से छुट्टी
स्कूलों में अचानक छुट्टी किए जाने की सूचना मिलने के बाद अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। कई अभिभावक अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल पहुंच गए। स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें स्थिति की जानकारी दी गई और बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
अभिभावकों में मचा हड़कंप
ASP शिमला सिटी मेहर पंवर ने दोनों स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों की छुट्टी करवाई गई और पुलिस व बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसरों की जांच की।
यह भी पढ़ें- पति को भेजा दुकान, बेटे को दिए खिलौने- खुद कमरे में गई पत्नी और किया...
तलाशी में नहीं मिला कोई विस्फोटक
पुलिस की जांच में दोनों स्कूल परिसरों में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। इसके बाद स्कूलों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर राहत मिली। हालांकि धमकी वाला ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
इसके पीछे किसकी साजिश?
फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ईमेल से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। धमकी महज अफवाह थी या इसके पीछे किसी की साजिश थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
