#अपराध
August 21, 2026
हिमाचल: मुझे माफ करना मां और छोटे भाई…. 29 वर्षीय युवती ने त्यागे प्राण- परिवार में शोक
शाम को वापस लौटी मां तो बेटी को देखकर रह गई हैरान
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पर 29 वर्षीय युवती एडवोकेट ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। घटना के समय वह अपनी मां के साथ किराये के मकान में रह रही थी।
जानकारी के अनुसार, एडवोकेट युवती अपनी मां के साथ पधर बाजार में एक किराये के मकान में रह रही थी। बुधवार दोपहर खाना खाने के बाद मां-बेटी कुछ समय के लिए क्वार्टर में आराम कर रही थीं। करीब तीन बजे उसकी मां ने अपनी बेटी को बताया कि वह किसी काम से बाजार जा रही है और इसके बाद वह घर से बाहर चली गई।
करीब साढ़े पांच बजे जब युवती की मां बाजार से वापस क्वार्टर पहुंची तो उसने अपनी बेटी को कमरे में गंभीर हालत में पाया। यह देखते ही मां ने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने तुरंत दिवांशु को नीचे उतारा और उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पधर ले गए।
परिजन एडवोकेट युवती को लेकर नागरिक अस्पताल पधर पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।
मृतका की पहचान दिवांशु ठाकुर, पुत्री कपूर चंद, निवासी गांव बीर धीयूं तुंगल, तहसील सदर, जिला मंडी के रूप में हुई है। दिवांशु ने चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह बतौर एडवोकेट प्रैक्टिस कर रही थी।
मृतका के कमरे से पुलिस को सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें उसने कहा- “मैं अपनी ज़िंदगी से तंग आ चुकी हूँ, इसलिए सुसाइड कर रही हूँ। मुझे माफ़ करना माँ और छोटे भाई दिक्षु का ख्याल रखना।” इन दर्दभरे शब्दों को एडवोकेट दिवांशु ठाकुर ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था। इसके बाद उन्होंने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
दिवांशु सामाजिक और छात्र राजनीति से भी जुड़ी रही थी। वह NSUI के साथ काम कर चुकी थी। उसकी माता वंदना ठाकुर द्रंग ब्लॉक कांग्रेस की सचिव हैं। वंदना ठाकुर का मायका कुन्नू के साहल गांव में बताया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने मृतका की मां के बयान दर्ज किए। पुलिस को दिए बयान में वंदना ठाकुर ने बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से परेशान थी और इसके लिए दवा भी ले रही थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि दिवांशु की तबीयत कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी।
मृतका की मां के बयान के आधार पर पधर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को देख रही है। साथ ही मौके से मिले तथ्यों और अन्य जरूरी जानकारी को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
गुरुवार को मंडी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद मंडी बाजार स्थित हनुमान घाट पर दिवांशु का अंतिम संस्कार किया गया।
DSP पधर लोकेंद्र नेगी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में BNS की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी पधर अनिल कटोच ने बताया कि मृतका की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।