हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है।  जिसने पूरी सरकार और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। जिला के बड़सर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कड़साई के गांव कलवाड़ा से एक सात वर्षीय मासूम बच्ची रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। पिछले 72 घंटों से बच्ची का कोई सुराग न मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और दहशत का माहौल है।

रहस्यमयी ढंग से गायब हुई मासूम

जानकारी के अनुसार यह सात साल की मासूम तीन दिन पहले अपने घर से बाहर निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला, तो परिजनों के पैरों तले ज़मीन खिसक गई। ग्रामीणों और परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन असफलता हाथ लगने पर पुलिस को सूचित किया गया। मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के कारण मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

 

यह भी पढ़ें : मिशन पंचायत 2026: हिमाचल कांग्रेस की 71 ब्लॉक अध्यक्षों की फौज तैयार; भाजपा खेमे में हलचल

ज़मीन से आसमान तक चलाया सर्च ऑपरेशन

हैरानी की बात यह है कि बच्ची की तलाश में प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन परिणाम अभी भी शून्य है। घटनास्थल पर खोजबीन के लिए एक नहीं, बल्कि चार अलग.अलग विशेष टीमें तैनात की गई हैं। जिसमें बड़सर पुलिस की टुकड़ियां, राज्य आपदा मोचन बल के विशेषज्ञ, वन विभाग की टीम, स्थानीय स्वयंसेवक और ग्रामीण बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर CM सुक्खू का मास्टरस्ट्रोक: कार्यकर्ताओं को दिया फ्री हैंड; नहीं होगा कोई पार्टी बंधन

 

इलाके की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ड्रोन के जरिए घने जंगलों और खड्डों की निगरानी कर रही है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें संभावित हर उस कोने को खंगाल रही हैं जहां बच्ची के होने की आशंका है, लेकिन रहस्य गहराता जा रहा है कि आखिर मासूम गई तो गई कहां

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

एक तरफ जहां सुरक्षा एजेंसियां जंगलों की खाक छान रही हैं, वहीं दूसरी तरफ मासूम के माता-पिता गहरे सदमे में हैं। घर के आंगन में पसरा सन्नाटा और परिजनों की आंखों से बहते आंसू हर किसी को झकझोर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलने के बावजूद कोई सार्थक परिणाम न निकलना बेहद चिंताजनक और हैरान करने वाला है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 3 दागी प्रोफसरों पर गिरी गाज, कॉलेज छात्राओं से नीचता करने पर नौकरी से किए बर्खास्त

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए हर संभव एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी हुई हैं। हम मानवीय और तकनीकी दोनों तरीकों से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हम जनता से भी अपील करते हैं कि यदि कोई भी संदिग्ध जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

उम्मीद की किरण

जैसे.जैसे समय बीत रहा है, लोगों की धड़कनें बढ़ती जा रही हैं। पूरे हिमाचल की नज़रें अब हमीरपुर के इस गांव पर टिकी हैं। प्रशासन और स्थानीय लोग अभी भी इस उम्मीद में हैं कि कोई चमत्कार होगा और यह सात वर्षीय मासूम सुरक्षित अपने घर लौट आएगी। फिलहाल मुख्यमंत्री के गृह जिला में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं और दुआओं का दौर भी जारी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें