पंचकूला/शिमला। हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे पंचकूला से एक बेहद की हृदयविदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के सात लोगों ने एक साथ ऐसा कदम उठा लिया, जिसे सुन कर हर किसी की रूह कांप गई। सेक्टर 27 में एक कार के भीतर एक ही परिवार के सात सदस्यों के शव मिलने से पूरा क्षेत्र सहम गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में आकर सभी ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया। मृतकों में पति पत्नी के अलावा उनके माता पिता और तीन बच्चे शामिल हैं। यह न केवल व्यक्तिगत त्रासदी है, बल्कि समाज और प्रशासन के लिए भी एक गंभीर चेतावनी भी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज से एंबुलेंस सेवा बंद! मरीजों को झेलनी पड़ेगी परेशानी- जानिए क्या है पूरा मामला
कहां की है यह घटना
दरअसल उत्तराखंड के देहरादून से एक परिवार हिमाचल और हरियाणा की सीमा पर स्थित पंचकूला में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। जब यह लोग धार्मिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद सोमवार रात को वापस लौट रहे थे, तभी उन्होंने सेक्टर 27 में सामुहिक आत्महत्या कर ली। परिवार के सात लोगों जिसमें तीन बच्चे भी शामिल थे, ने गाड़ी में ही किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
गाड़ी में तड़पते मिले सात लोग
मामले का खुलासा तब हुआ जब सोमवार रात करीब 11 बजे सेक्टर 27 में लोगों ने मकान के पास कार को संदिग्ध खड़े देखा। जब लोग उसके पास पहुंचे तो अंदर का नजारा दिल को दहला देने वाला था। गाड़ी के अंदर छह लोग बुरी तरह से तड़प रहे थे। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी। कार के अंदर तड़प रहे छह लोगों को तुरंत ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी की मौत हो गई। वहीं गाड़ी के बाहर बेसुध मिले एक अन्य शख्स को भी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे भी नहीं बचाया जा सका।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पहले छिन गई टांग, फिर आपदा में गिर गया मकान- परिवार के पास नहीं रोटी तक के पैसे
धार्मिक कार्यक्रम में आया था परिवार
मृतकों की पहचान उत्तराखंड के देहरादून निवासी 42 वर्षीय प्रवीण मित्तल और उनकी पत्नी, प्रवीण मित्तल के माता पिता और तीन बच्चों दो बेटियां और एक बेटा के रूप में हुई है। परिवार की तीन पीढ़ियों ने एक साथ जीवन समाप्त कर लिया। यह सभी पंचकूला में आयोजित एक धार्मिक कथा हनुमंत कथा में भाग लेने के लिए आए थे। कथ समाप्त होने के बाद वापस लौटते समय पूरे परिवार ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
यह भी पढ़ें : नहीं थम रही कलह : शिमला SP के खिलाफ BJP विधायक ने भेजा नोटिस, गांधी ने लगाए थे ये आरोप
खौफनाक कदम उठाने की वजह आई सामने
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रवीण मित्तल ने कुछ समय पहले देहरादून में टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय शुरू किया था, लेकिन वह कारोबार उम्मीद के अनुसार नहीं चल पाया। भारी घाटे के चलते परिवार कर्ज में डूब गया था और गुजारे की स्थिति भी दयनीय हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि करने वाला एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आर्थिक तंगी को कारण बताया गया है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने BJP पर साधा निशाना : कहा - सरकार के पास नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के दस्तावेज
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पंचकूला हिमाद्री कौशिक, डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर अमित दहिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। शवों को पंचकूला के अलग.अलग अस्पतालों के शवगृह में रखा गया है। आज बुधवार को सभी शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
