#राजनीति
May 27, 2025
CM सुक्खू ने BJP पर साधा निशाना : कहा - सरकार के पास नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के दस्तावेज
विमल नेगी मौत मामले में सीएम ने विपक्ष को घेरा
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश की सियासत में एक बार फिर तीखा वार-पलटवार देखने को मिला जब CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार के पास भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं और अगर झूठे आरोप लगाने का सिलसिला नहीं रुका तो कार्रवाई तय है।
CM सुक्खू ने कहा कि विमल नेगी की मौत को लेकर भाजपा सस्ती राजनीति कर रही है। उन्होंने इसे पेखूबेला प्रोजेक्ट से जोड़कर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। CM ने कहा कि नेगी की पत्नी किरण नेगी को न्याय मिलना चाहिए और अगर भाजपा के पास इस मामले से जुड़े कोई ठोस दस्तावेज हैं तो उन्हें सीबीआई को सौंपा जाना चाहिए। साथ ही यह भी जोड़ा कि सरकार पहले ही विधानसभा में स्थिति स्पष्ट कर चुकी है।
राज्यसभा सांसद बने हर्ष महाजन को लेकर भी सुक्खू ने कहा कि भ्रष्टाचार के वोटों पर चुनकर आए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जब हर्ष सहकारी बैंक के चेयरमैन थे, भाजपा ने खुद उन पर भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया था। अब उन्हीं को आगे कर भाजपा पवित्रता की बात कर रही है, यह हास्यास्पद है।
मुख्यमंत्री ने विमल नेगी की मानसिक स्थिति और आत्महत्या के कारणों पर विस्तार से बात करते हुए कहा कि 15 जून 2024 को नियुक्ति के बाद मात्र नौ महीने में ऐसा क्या हुआ कि वह खुदकुशी जैसा कदम उठाने को मजबूर हुए? एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू हो चुकी है, लेकिन अधिकारियों द्वारा बनाए गए दबाव की भी जांच जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने एक अहम सवाल भी उठाया आखिर डीजीपी का वह पत्र, जिसमें एसपी के निलंबन की संस्तुति की बात कही जा रही है, वह मीडिया में कैसे लीक हुआ जबकि वह उन्हें मिला ही नहीं? उन्होंने कहा कि इस लीक की भी जांच होगी।
इस प्रेस वार्ता के बाद CM ने ओक ओवर, शिमला में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, सचिव राकेश कंवर और चार कैबिनेट मंत्रियों समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें अधिकारियों की अनुशासनहीनता और हालिया घटनाक्रमों पर मंथन हुआ।
CM सुक्खू आज को राज्यपाल से मिलेंगे। यह मुलाकात सोमवार को होनी थी, मगर राज्यपाल की व्यस्तता के कारण टल गई।इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे है।