शिमला। साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को लगातार OTP साझा न करने और अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी जाती है। लेकिन राजधानी शिमला में सामने आया एक मामला इन दोनों सावधानियों से आगे की चिंता पैदा करता है।
न लिंक खोला, न OTP बताया...
समरहिल निवासी एक व्यक्ति का दावा है कि उसने न किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया, न किसी को OTP बताया और न ही किसी संदिग्ध कॉल का जवाब दिया, इसके बावजूद उसके बैंक खातों से करीब 2 लाख रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि साइबर ठगों ने बैंक में जमा FD तक ऑनलाइन तोड़ दी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : महिला प्रोफेसर की मायके में मौ..त- ससुरालवाले छुड़वाना चाहते थे नौकरी, सास-ननद गिरफ्तार
मोबाइल अचानक हुआ हैंग
समरहिल निवासी इंद्रजीत के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे उनका मोबाइल फोन अचानक हैंग हो गया। फोन ने काम करना बंद कर दिया और स्क्रीन पर एक मैसेज दिखाई दिया, जिसमें बैंक बैलेंस चेक करने के लिए कहा गया था।
फिर खाते से गायब मिले पैसे
किसी तरह जब उन्होंने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए। बैंक खातों से बड़ी रकम निकल चुकी थी। इसके बाद उन्होंने अपने बैंक खातों की जानकारी जुटाई तो सामने आया कि अलग-अलग खातों से कुल 1 लाख 99 हजार रुपये की रकम निकाली गई है।
FD भी ऑनलाइन तोड़कर निकाल लिए 1 लाख
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात ICICI बैंक में रखी FD को लेकर सामने आई। पीड़ित के अनुसार, साइबर ठगों ने उनकी FD ऑनलाइन तोड़ दी और उसमें से 1 लाख रुपये निकाल लिए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: बड़ी मन्नतों से घर में आया था नन्हा मेहमान, खेलते हुए टंकी में गिरा- निकले प्राण
अनाजन लिंक पर ना किया क्लिक
ठगी में SBI और ICICI बैंक के खातों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना के दौरान उन्हें किसी साइबर ठग का फोन नहीं आया। उनके मोबाइल नंबर पर कोई OTP भी नहीं आया और उन्होंने किसी अनजान लिंक पर क्लिक भी नहीं किया।
साइबर ठगी ने खड़े किए बैंकिंग सुरक्षा पर सवाल
घटना का पता चलने के बाद इंद्रजीत ने साइबर सेल में लिखित शिकायत दी है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद भी उन्हें पुलिस की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला और केवल मामले को देखने की बात कही गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कमजोर पड़ा मानसून- 27 तक बारिश से मिलेगी राहत, बढ़ेगा तापमान
उठ रहे कई सवाल
पीड़ित ने बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब बिना OTP, कॉल या लिंक के बैंक खाते और FD से रकम निकाली जा सकती है, तो आम ग्राहक अपनी जमा पूंजी को लेकर कितना सुरक्षित है, यह बड़ा सवाल है।
जांच में जुटी टीम
फिलहाल मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि साइबर ठगों ने पीड़ित के बैंक खातों तक कैसे पहुंच बनाई और FD को ऑनलाइन तोड़कर रकम कैसे निकाली। इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल बैंकिंग की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
