#हादसा
August 23, 2026
हिमाचल: बड़ी मन्नतों से घर में आया था नन्हा मेहमान, खेलते हुए टंकी में गिरा- निकले प्राण
घर के आंगन में खेल रहा था 4 साल का लड़का
शेयर करें:

मंडी। घर के आंगन में खेल रहा चार साल का मासूम कब पानी से भरी टंकी तक पहुंच गया, परिवार को इसका पता ही नहीं चला। कुछ देर तक बच्चे की आवाज नहीं आई तो परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया।
इसी दौरान आंगन में बनी पानी की टंकी का ढक्कन खुला मिला और अंदर बच्चे को देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मामला मंडी जिले के कोटली उपमंडल के बरयारा गांव का है। यहां चार वर्षीय अरनव पुत्र जगदीश की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर बाद की है। अरनव घर में ही खेल रहा था। उस समय उसके माता-पिता घर पर मौजूद थे, लेकिन दोनों अपने-अपने काम में व्यस्त थे। बच्चे के दादा-दादी भी उस समय घर पर नहीं थे।
परिजनों को लगा कि अरनव घर में या आसपास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा होगा। कुछ समय बीतने के बाद जब उसकी कोई आवाज सुनाई नहीं दी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान आंगन में बनी पानी की टंकी का ढक्कन खुला दिखाई दिया। परिजनों ने जब टंकी के अंदर देखा तो अरनव उसमें गिरा हुआ था। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजन बच्चे को तुरंत उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद अरनव को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बेटे की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां और नानी अस्पताल में ही बेसुध हो गईं। परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी बेहद दर्दनाक है क्योंकि अरनव को काफी मन्नतों के बाद बेटा बताया जा रहा है। अरनव के दादा ने बताया कि उसके जन्म के बाद भी उसे काफी समय तक मशीन पर रखा गया था। परिवार ने बड़ी मुश्किलों और उम्मीदों के बाद उसे बड़ा होते देखा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। चार साल के मासूम की इस तरह अचानक हुई मौत से बरयारा गांव में भी शोक का माहौल है।