कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कुल्लू की टीम ने एक अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एनएच-003 पर औट थाना क्षेत्र में चिट्टा (हेरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों युवक पंजाब के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, औट थाना क्षेत्र के 18 पेड़े शनि मंदिर के पास पुलिस टीम ने नाका लगाया था। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक संदली मोड़ से शनि मंदिर के रास्ते होते हुए पैदल औट की ओर हेरोइन की खेप लेकर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें : अब नहीं होगी सुक्खू कैबिनेट की बैठक! यहां जानें क्यों टली मीटिंग

पुलिस टीम रणनीतिक रूप से नाके पर तैनात रही और जब संदिग्ध युवक वहां पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रोका और उनकी कैरी बैग की तलाशी ली।

38 ग्राम हेरोइन बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को युवकों के बैग से 38 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और उन्हें औट थाना ले जाया गया। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी युवकों की पहचान

1. गुरजीत सिंह – निवासी गंगोमहल गांव, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर, पंजाब
2. अशनदीप सिंह – निवासी जोड़ाफटक गांव, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर, पंजाब

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की मजबूरी: केंद्र ने नहीं दिया पैसा तो अपनी योजनाओं का भी बजट घटाया

पुलिस की तफ्तीश जारी

मामले की पुष्टि करते हुए, DSP कुल्लू हेमराज वर्मा ने बताया कि औट पुलिस थाना की टीम अब इस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये दोनों युवक किससे हेरोइन लेकर आए थे और इसे कहां सप्लाई करने जा रहे थे। इसके साथ ही नशे की इस खेप के पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ तो नहीं है, इसकी भी जांच की जा रही है।

नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिसे लेकर पुलिस और ANTF की टीमें सतर्कता से काम कर रही हैं। हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

यह भी पढ़ें : तीसरे साल में तीसरी बार: बिजली की दरें बढ़ाने जा रही है सुक्खू सरकार- जानें कितना रेट बढ़ेगा

बहरहाल ,एनएच-003 पर हुई इस कार्रवाई ने फिर साबित कर दिया है कि पुलिस नशे के कारोबार पर सख्ती से शिकंजा कस रही है। पंजाब से हिमाचल में नशे की तस्करी का नेटवर्क काफी सक्रिय माना जाता है, और पुलिस इस मामले की तह तक जाकर इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें