सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नालागढ़ के माजरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस उस समय सकते में आ गई, जब एक घर के पास ग्रेनेड जैसी संदिग्ध वस्तु बरामद हुई। अचानक हुई इस बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बिना देरी किए पूरे घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर आसपास का क्षेत्र खाली करवा दिया है। संदिग्ध वस्तु की गंभीरता को देखते हुए बम डिस्पोजल टीम को मौके पर बुलाया गया है।
मामला नालागढ़ के अंतर्गत पुलिस चौकी जोघों के गांव माजरा का है। यहां दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन झगड़े की पड़ताल के दौरान पुलिस को ऐसी वस्तु मिल गई, जिसने पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया।
यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति भवन की शान बनेगी हिमाचल की हस्तशिल्प कला, मंडी के वीर सिंह का बनाया रणसिंघा द्रौपदी मुर्मू को होगा भेंट
दो पक्षों के झगड़े की जांच में मिला संदिग्ध ग्रेनेड
पुलिस के अनुसार माजरा गांव, डाकघर बरूणा में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें दर्ज करवाई गईं। पुलिस थाना नालागढ़ में दोनों शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। इसी सिलसिले में पुलिस टीम जब मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर रही थी, तभी एक घर के समीप ग्रेनेड जैसी दिखने वाली संदिग्ध वस्तु नजर आई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
यह भी पढ़ें : मनकोटिया 5 बार बने MLA, पर कभी खुद को नहीं डाल पाए वोट; एक बार मंत्री पद से भी हुई थी छुट्टी
ग्रेनेड जैसी वस्तु मिलने से मचा हड़कंप
विवाद की सामान्य जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु का मिलना पुलिस के लिए भी अप्रत्याशित था। वस्तु वास्तव में ग्रेनेड है या किसी अन्य प्रकार की चीज, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली करवाकर घटनास्थल सील कर दिया गया है। पुलिस ने वहां अनावश्यक आवाजाही रोक दी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना की आशंका से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मनकोटिया के CD कांड से आया था सियासी भूचाल, राजा वीरभद्र से छिन गई थी कुर्सी
बम डिस्पोजल टीम के आने के बाद खुलेगा राज
पुलिस ने संदिग्ध वस्तु की वास्तविक प्रकृति का पता लगाने और उसे सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए बम डिस्पोजल टीम को बुलाया है। तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद वस्तु विस्फोटक है या नहीं। फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए है और सभी जरूरी साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा रहा है। जांच पूरी होने तक संदिग्ध वस्तु को लेकर किसी भी तरह की पुष्टि नहीं की गई है।
एसपी बद्दी ने लोगों से की अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों को घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने और किसी भी अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार दो पक्षों के बीच हुए विवाद से लेकर संदिग्ध वस्तु की बरामदगी तक सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में निकली बंपर भर्ती : 10वीं-12वीं पास को मिलेगी नौकरी, एक क्लिक में जानें डिटेल
अब बम डिस्पोजल टीम की तकनीकी जांच और पुलिस की आगे की पड़ताल के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल माजरा गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। जिस विवाद की जांच के लिए पुलिस पहुंची थी, वहां ग्रेनेड जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद अब पूरे इलाके की सुरक्षा और वस्तु की वास्तविक पहचान पुलिस के लिए प्राथमिकता बन गई है।
