सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से बीते रोज मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया था। चंडीगढ़.मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात सामने आई इस दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया था। मडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के कनैड क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक से महिला को बेरहमी से सड़क पर फेंक दिया गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक से महिला को धक्का देकर चलती सड़क पर गिरा दिया गया।

मंडी के पंडोह की है महिला

गंभीर रूप से घायल इस महिला की पहचान पंडोह क्षेत्र के जरल गांव निवासी गोदावरी के रूप में की गई है। उन्हें उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं इस मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक की भी पहचान कर ली है। 

 

यह भी पढ़ें : HRTC कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस से पहले मिला तोहफा, ओवरटाइम राशि की जारी

सीमेंट ले जा रहे ट्रक से फेंकी गई महिला

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस ट्रक से महिला को फेंका गया, वह मंडी जिला के जोगिंदरनगर क्षेत्र से संबंधित है और लेह के लिए सीमेंट सप्लाई करने का कार्य करता है। ट्रक का नंबर एचपी.52.सी.0297 है। घटना के समय यह ट्रक पंकज कुमार नामक चालक चला रहा था, जो हमीरपुर जिले के टौणी देवी गांव का रहने वाला है। धनोटू पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और एनएचएआई के सहयोग से ट्रक की पहचान कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के टोल बैरियर पर लगेंगे हाईटेक स्कैनर, अवैध शराब, नशीली वस्तुओं को करेंगे स्कैन

मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार महिला के पास मानसिक रूप से विकलांग होने का प्रमाण पत्र मिला है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह मानसिक रूप से पूर्ण रूप से स्वस्थ नहीं थी। इस कारण पुलिस इस मामले को और भी गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। क्या महिला ट्रक में पहले से थी, उसे क्यों और कैसे ट्रक में बैठाया गया, क्या यह मामला मानवाधिकारों का उल्लंघन है, या फिर इसके पीछे कोई और गहरी साजिश है।

यह भी पढ़ें : बेटे ने ही छीनी थी पिता की सांसें !, अलग कर दिया था सिर; जालंधर में धरा आरोपी

पुलिस जांच में जुटी

धनोटू थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि शिकायतकर्ता साहिल खान (निवासी गांव बनायक, डाकघर भोजपुर, तहसील सुंदरनगर) के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 125-A के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर संभावित दिशा में जांच कर रही है और जल्द ही मामले से संबंधित अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दोस्त खटखटाता रह गया दरवाजा- किराए के कमरे में कर्मी ने उठाया गलत कदम

सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

इस प्रकार की घटनाएं हाईवे पर चल रही सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को सवालों के घेरे में ला देती हैं। हालांकि इस मामले में सीसीटीवी कैमरे के कारण पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली, लेकिन सवाल यह भी है कि ऐसी घटनाएं होने ही क्यों दी जाती हैं?

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।