कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना में एक पति द्वारा अपनी ही पत्नी की हत्या किए जाने का आरोप है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
मृतका के शरीर पर घाव के निशान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खबर जिला कांगड़ा के नगरोटा सूरियां क्षेत्र से सामने आई है, जहां बीते शुक्रवार को एक महिला के अंतिम संस्कार से पूर्व कुछ महिलाएं उसके कपड़े बदलने लगीं। इसी दौरान उन्होंने मृतका के शरीर पर कई जगह चोटों और मारपीट के निशान देखे, जिससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने बहाल की IGMC डॉक्टर राघव की सेवाएं- मरीज विवाद के बाद किया था टर्मिनेट
मृतका के पति से पूछा तो घबराकर भागा
महिलाओं ने जब इस बारे में मृतका के पति सोनू से सवाल किए, तो वह घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा। उसकी इस हरकत से लोगों का संदेह और गहरा हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सोनू को पकड़ लिया और उसे बांधकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
लोगों ने पुलिस को दी सूचना
सूचना मिलते ही पुलिस थाना जवाली की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठे किए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ढलान में फिसली बस, खाए पांच पलटे- फ्रंट सीट पर बैठी सवारी ने बताया आंखों देखा मंजर
आरोपी पति को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी सोनू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या किन परिस्थितियों में और किस कारण से की गई।
मृतका की पहचान
लक्ष्मी उम्र 35 साल, पत्नी सोनू के रूप में हुई है।
दो बच्चों के साथ रहता था आरोपी
ASP नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी सोनू नगरोटा सूरियां क्षेत्र में अपने परिवार, जिसमें उसकी पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं, के साथ रह रहा था। इस मामले को लेकर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ड्राइवर ने की थी बस संभालने की कोशिश, खुद भी नहीं बच पाया- पैरापिट होते तो शायद...
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पूरे क्षेत्र में दौड़ी शोक की लहर
इस दुखद घटना के बाद नगरोटा सूरियां क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोग इस जघन्य अपराध को लेकर आक्रोशित हैं और मृतका को न्याय दिलाने तथा आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
