कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसके बावजूद नशे के कारोबार में महिलाओं की संलिप्तता बढ़ना चिंता का विषय बनता जा रहा है। ताजा मामला कांगड़ा जिले के पालमपुर से सामने आया है, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। 

नशे की खेप लेकर घूम रही थी महिलाएं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के पालमपुर से सामने आया है। यहां पर पुलिस गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि दो महिलाएं नशीला पदार्थ लेकर घूम रही हैं।

यह भी पढ़ें : REEL देखने पर डांट पड़ी तो घर से भागी लड़की, पुलिस को राजस्थान से मिली लीड और....

महिलाओं के कब्जे से चिट्टा बरामद 

गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 2.57 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

आरोपियों की पहचान 

  • संध्या देवी उम्र 45 साल, निवासी वृंदावन पालामपुर
  • हेमा कुमारी उम्र 30 साल, निवासी गांव रक्कर, जिला मंडी के रूप में हुई है। 

यह भी पढ़ें : "किन्नर कैलाश यात्रा को बंद करो"... देव समाज बोला- देवता के आदेश को ना करें अनसुना

पूछताछ कर रही पुलिस

दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके पास चिट्टा कहां से आया और इसे किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति या नशा तस्करी का गिरोह शामिल है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। गिरफ्तार महिलाओं से लगातार पूछताछ की जा रही है और उनके संपर्क में रहे लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर के बाहर खेल रही लड़की का फिसला पांव, सामने से आ रही पिकअप ने रौंदा

पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कांगड़ा पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।