#हादसा
July 15, 2026
हिमाचल : घर के बाहर खेल रही लड़की का फिसला पांव, सामने से आ रही पिकअप ने रौंदा
लाडली की अचानक हुई मौ.त, सदमे में पूरा परिवार
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर के बाहर खेल रही ढाई साल की मासूम बच्ची की सड़क हादसे में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते बच्ची अचानक फिसलकर सड़क पर आ गई और उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक पिकअप वाहन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी विकास कुमार बद्दी में नौकरी करते हैं और अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी ढाई वर्षीय बेटी परी घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक फिसलकर सड़क पर पहुंच गई। उसी समय वहां से गुजर रहे एक पिकअप वाहन का अगला पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बद्दी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रिहायशी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन बेहद सावधानी और धीमी गति से चलाएं। खासकर जहां छोटे बच्चे खेल रहे हों, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतना ऐसे दर्दनाक हादसों को रोकने के लिए बेहद जरूरी है।