सोलन। देवभूमि हिमाचल में नशा अब सिर्फ युवाओं को नहीं, बल्कि पूरे सामाजिक ताने-बाने को खोखला कर रहा है। कभी शांत और सुरक्षित माने जाने वाले पहाड़ी इलाके अब चिट्टे जैसे खतरनाक नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं। गांव, कस्बे और अब गेस्ट हाउस तक नशे के कारोबारियों की पहुंच चिंता बढ़ा रही है। ताजा मामला सोलन जिले के सुबाथू क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने एक गेस्ट हाउस में चल रहे चिट्टे के खेल का पर्दाफाश किया है।

 

गेस्ट हाउस में चल रहा था चिट्टे का कारोबार


सुबाथू के समीप रडीयाणा क्षेत्र में स्थित अमित गेस्ट हाउस उस वक्त पुलिस के निशाने पर आया, जब थाना सुबाथू की टीम गश्त के दौरान थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गेस्ट हाउस में रुके कुछ लोग हेरोइन का सेवन करने के साथ-साथ उसकी बिक्री में भी संलिप्त हैं। सूचना को गंभीर मानते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करने का फैसला लिया।

 

यह भी पढ़ें : RTO ने भरा हिमाचल सरकार का खजाना- नियम तोड़ने पर काटे 3 करोड़ के चालान, जानें

 

एक कमरे से छह लोग दबोचे गए


पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देते हुए गेस्ट हाउस के एक कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां ठहरे छह व्यक्तियों के कब्जे से 2.47 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। मौके पर ही सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

 

यह भी पढ़ें : वर्करों संग दिल्ली पहुंचे CM सुक्खू, कांग्रेस आज दिखाएगी अपनी ताकत- जानें क्या है मामला

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान


पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान इंदरदेव उर्फ दानू निवासी जिला शिमला, विक्की डोगरा निवासी जिला शिमला, करण गौतम निवासी जिला शिमला, निखिल रंजन (29) निवासी जिला शिमला, राजेंद्र शर्मा निवासी जिला मंडी और निशु शर्मा (27) निवासी जिला शिमला के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया है।

 

मुख्य आरोपी निकला आदतन अपराधी


जांच के दौरान पुलिस के सामने सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह आया कि इंदरदेव उर्फ दानू एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ जिला शिमला, अन्य जिलों और बाहरी राज्यों के विभिन्न थानों में कुल 51 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के 4 मामले, आबकारी अधिनियम के 23 मामले, चोरी और सेंधमारी के 17 मामले, सड़क दुर्घटनाओं के 4 मामले और मारपीट सहित अन्य धाराओं के 3 मामले शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें :  युवा राजनीति की मिसाल बने PWD मंत्री विक्रमादित्य, लंदन में मिला बड़ा सम्मान

 

बाकी आरोपियों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस


पुलिस ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार अन्य पांच आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गेस्ट हाउस को नशे के अड्डे के तौर पर कब से इस्तेमाल किया जा रहा था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है।

 

नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने का दावा


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिमाचल में नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है। गेस्ट हाउस, होटल और किराये के कमरों में चल रहे इस अवैध कारोबार पर सख्ती से नजर रखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आने वाले समय में नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें