शिमला/चंडीगढ़ । दो दिन पहले चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश के एक व्यक्ति की दिनदहाड़े बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद अब मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने जांच में तेजी दिखाते हुए हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली है।
लोगों में दहशत का माहौल
बता दें कि चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित कैमिस्ट मार्केट में दो दिन पहले उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक मेडिकल स्टोर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। इस घटना में जानकी दास की हत्या कर दी गई, जिसके बाद पूरा इलाका दहशत में आ गया। वारदात के बाद से ही लोगों में डर का माहौल बना हुआ है और बाजार की रफ्तार भी कुछ हद तक प्रभावित हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल मनीषा मित्तल ह.त्याकांड : 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार, पति और भाई से पूछताछ
घटना के बाद लगातार मिल रहे रंगदारी के कॉल
दुकानदारों का कहना है कि फायरिंग की घटना के बाद से उन्हें लगातार रंगदारी के फोन आ रहे हैं। अज्ञात लोग पैसों की मांग कर रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं, जिससे व्यापारी काफी डरे हुए हैं। इसी वजह से कई दुकानदार अब अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती
हालात को देखते हुए प्रशासन ने मार्केट में पुलिस बल तैनात कर दिया है। दुकानों के बाहर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। हालांकि, इसके बावजूद लोगों के बीच डर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें-हिमाचल में बड़ा पेंशन घोटाला! मृ*तकों के खातों से निकाले लाखों, CBI तक पहुंचा मामला
फायरिंग वाली दुकान फिर से खुली
जिस कुमार मेडिकोस दुकान पर फायरिंग हुई थी, वह आज फिर से खुली नजर आई। दुकान के मालिक भी वहीं मौजूद थे और सामान्य रूप से कामकाज चलता दिखा। आसपास लोग आ-जा रहे थे, लेकिन माहौल में अभी भी हल्की बेचैनी साफ महसूस की जा सकती है।
पुलिस ने शूटरों की पहचान की
इस मामले में पुलिस जांच में बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने वारदात में शामिल शूटरों की पहचान कर ली है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस टीम लगातार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है और कई जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ये क्या हो रहा? खाने में नमक ज्यादा होने पर चली गो*लियां, रेस्तरां में मची भगदड़
आरोपी जम्मू-कश्मीर से जुड़े बताए जा रहे
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जम्मू-कश्मीर से संबंधित बताए जा रहे हैं। यह पहली बार माना जा रहा है जब वहां से आए शूटरों ने चंडीगढ़ में इस तरह की वारदात को अंजाम दिया और फिर फरार हो गए। इससे पुलिस के लिए मामला और भी गंभीर हो गया है।
पुलिस का दावा जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने आरोपियों की पहचान कर ली है और तकनीकी व खुफिया जानकारी के आधार पर उनकी तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा पूरी तरह हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में एक ही दिन में 2 म.र्डर- पुल के नीचे मिली 26 वर्षीय युवक की देह, 3 अरेस्ट
मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रोहड़ू के रहने वाले जानकी दास (45) के रूप में हुई है, जो इस मेडिकल स्टोर में लंबे समय से बतौर कैशियर अपनी सेवाएं दे रहे थे। देवभूमि हिमाचल के एक सीधे-साधे और कर्मठ व्यक्ति की इस तरह सरेआम बेरहमी से की गई हत्या के बाद न केवल चंडीगढ़, बल्कि पूरे शिमला और रोहड़ू क्षेत्र में शोक और गहरे आक्रोश की लहर दौड़ गई है।
दवाई लेने के बहाने घुसे थे काल बनकर आए शूटर
दिल दहला देने वाली यह वारदात बीते शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर पर पेश आई। रोज की तरह रोहड़ू के रहने वाले जानकी दास काउंटर पर बैठकर अपना काम कर रहे थे और दुकान में ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी बीच दो अज्ञात युवक चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी लगाकर बिल्कुल सामान्य तरीके से दुकान के अंदर दाखिल हुए। पहली नजर में वे आम ग्राहकों की तरह दवाई लेने के बहाने काउंटर के पास आकर खड़े हो गए।
यह भी पढ़ें-हिमाचल में अब कैमरे से पकड़े जाएंगे शराबी ड्राइवर, कटेगा भारी चालान- जेल की भी होगी सजा
महज 1 सेकेंड में 13 राउंड फायरिंग
दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज से इस पूरी खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हुआ है। फुटेज में दोनों शूटर करीब 21 सेकेंड तक काउंटर के पास खड़े रहे और दुकान के माहौल को भांपते रहे। जानकी दास को भनक तक नहीं थी कि मौत उनके ठीक सामने खड़ी है।
अचानक, दोनों हमलावरों ने अपने हाथों को छिपाते हुए काउंटर की आड़ में अपनी ऑटोमैटिक गन लोड कीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक शूटर ने बिल्कुल करीब से जानकी दास पर अपनी ऑटोमैटिक पिस्टल खाली कर दी। हथियार इतना एडवांस था कि महज 1 से 2 सेकेंड के भीतर 13 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। गोलियों से छलनी होकर हिमाचल के इस लाल ने काउंटर पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों शूटर हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़े : हिमाचल : दिनदहाड़े स्कूल संचालिका को गो.लियों से भूना- प्रॉपर्टी को लेकर भाई से चल रहा था विवाद
दो ने चलाई गोलियां, तीसरा बाहर स्कूटी स्टार्ट कर था खड़ा
ASP ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए कुल 3 शूटर स्कूटी पर सवार होकर आए थे। दो शूटर दुकान के भीतर जानकी दास को निशाना बनाने घुसे थे, जबकि उनका तीसरा साथी वारदात के बाद तुरंत भागने के लिए बाहर स्कूटी स्टार्ट कर खड़ा था। गोलियां चलाने के बाद दोनों फुर्ती से बाहर निकले और स्कूटी पर बैठकर रफूचक्कर हो गए।
