#अपराध
October 24, 2026
हिमाचल: शादी करवाने का झांसा देकर उड़ाए नगदी-गहने, डेढ़ साल बाद दबोची शातिर महिला
बेटे की शादी करवाने का दिया था झांसा
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमचाल प्रदेश के जिला हमीरपुर में पुलिस ने शादी करवाने का झांसा देकर एक परिवार से नकदी, सोने की अंगूठी और महंगे कपड़े लेने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना पुलिस ने करीब डेढ़ साल से फरार चल रही आरोपी महिला को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला सदर थाना के तहत पुलिस चौकी जम्बाला क्षेत्र का है। गिरफ्तार महिला की पहचान 40 वर्षीय आशा कुमारी पत्नी त्रिलोक चंद, निवासी गांव सन्नू, डाकघर रंगड़, तहसील सुजानपुर के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पानी के टैंक में गिरा साढ़े तीन साल का मासूम, मां-दादी के सामने निकले प्राण
आरोप है कि आशा कुमारी और उसके पति त्रिलोक चंद ने एक स्थानीय परिवार को उनके बेटे की शादी करवाने का भरोसा दिया था। शादी तय करवाने के नाम पर दोनों ने परिवार से नकदी, सोने की अंगूठी और महंगे कपड़े ले लिए। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही शादी तय हो जाएगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी ऐसा नहीं हुआ।
जब काफी समय तक शादी नहीं करवाई गई तो परिवार ने दोनों से बात की। आरोप है कि दंपति लगातार टालमटोल करने लगे। इसके बाद परिवार को शक हुआ कि उनके साथ ठगी की गई है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत सदर पुलिस थाना हमीरपुर में दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जगह बारिश-बर्फबारी; जानें अपडेट
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस इस मामले में आरोपी महिला के पति त्रिलोक चंद को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि आशा कुमारी गिरफ्तारी से बचने के लिए करीब डेढ़ साल से फरार चल रही थी।
पुलिस टीम ने आरोपी महिला की तलाश जारी रखी और आखिरकार उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने महिला को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।