#अपराध
June 14, 2026
हिमाचल : दिनदहाड़े स्कूल संचालिका को गो.लियों से भूना- प्रॉपर्टी को लेकर भाई से चल रहा था विवाद
इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार शाम हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे मनीषा मित्तल स्कूल परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर मौजूद थीं।
इसी दौरान दो नकाबपोश व्यक्ति वहां पहुंचे और बेहद नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में गंभीर रूप से घायल मनीषा मौके पर ही गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर तेजी से मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही संजौली पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मौके से गोलियों के खोल भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि हमलावरों ने काफी नजदीक से फायरिंग की। मनीषा पर कुल कितनी गोलियां लगीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। स्कूल के सुरक्षा कर्मी और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रात के समय जुन्गा स्थित फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस तकनीकी और भौतिक दोनों तरह के सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
हत्या के पीछे के कारणों को लेकर पुलिस कई पहलुओं पर काम कर रही है। प्रारंभिक जांच में भाई से चल रहे निजी विवाद, आपसी रंजिश और संपत्ति से जुड़े मामलों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। बताया जा रहा है कि स्कूल के स्वामित्व को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर मनीषा मित्तल ने कुछ समय पहले सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी थी और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता भी व्यक्त की थी।
घटना के बाद पुलिस ने जिले के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर नाकाबंदी कर दी है तथा संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
राजधानी के बीचोंबीच हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।