#अपराध
June 15, 2026
हिमाचल में एक ही दिन में 2 म.र्डर- पुल के नीचे मिली 26 वर्षीय युवक की देह, 3 अरेस्ट
परिजनों ने जताया था शक, पूरे इलाके में मचा हड़कंप
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक वाहन चालक का शव मिलने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जांच में पाया गया है कि ड्राइवर की हत्या कर शव नाले में फेंका गया था। चुराह क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने कल्हेल नाले में एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। शव मिलने की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि मृतक की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसके परिजन भी ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक की पहचान हरविंद्र सिंह के रूप में हुई- जो कि चुराह के राख गांव का रहने वाला था। हरविंद्र सिंह भंजराडू में एक कारोबारी के पास चालक के तौर पर कार्यरत था।
परिजनों ने हरविंद्र सिंह (26) की मौत को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर तीसा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस जांच में सामने आया है कि शनिवार शाम तक हरविंद्र सिंह अपने भंजराडू स्थित क्वार्टर में मौजूद था। वहीं से कुछ घंटों बाद उसका शव कल्हेल नाले में बरामद हुआ।
दोनों स्थानों के बीच लगभग 26 किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट संकेत मिले कि वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया और बाद में शव को नाले में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक के भंजराडू स्थित कमरे को भी सील कर दिया है ताकि वहां से मिलने वाले संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने और साक्ष्य एकत्र किए। फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ रास्ते में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर जांच को तेजी से आगे बढ़ाया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने वारदात में कथित रूप से शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं, हत्या में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण इनपुट मिले, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचना संभव हो पाया। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या के पीछे के कारणों तथा पूरी साजिश की परतें खोलने में जुटी हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हत्या की घटना में शामिल तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी सार्वजनिक किया जाएगा।
इस हत्याकांड ने चुराह क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग मामले में दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा।
विदित रहे कि, हिमाचल में पिछले 24 घंटे में दो हत्याकांड हुए हैं। संजौली में भी स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की किसी ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। उस मामले में अभी तक पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस किसी भी आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।