#अपराध

October 24, 2026

हिमाचल : फोन पर आया हजार रुपए चालान का मैसेज, लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़ गए 6 लाख रुपए

कुछ दिनों बाद खाते से निकल गए 6.87 लाख रुपये

शेयर करें:

himachal kullu news

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर वाहन के चालान का मैसेज आया, जिसमें दिए गए लिंक पर क्लिक करना उसे भारी पड़ गया। लिंक खुलते ही साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते पर सेंध लगा दी और कुछ ही दिनों में लाख रुपये निकाल लिए। 

व्हाट्सएप पर आया 1000 रुपये के चालान का मैसेज

सुल्तानपुर निवासी लोकेंद्र ठाकुर ने पुलिस को बताया कि 19 अक्तूबर को उसके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया था। इसमें लिखा था कि उसके वाहन का 1000 रुपये का चालान हुआ है। मैसेज में चालान भरने के लिए एक लिंक भी दिया गया था। लोकेंद्र ने मैसेज को सही समझकर लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद वह साइबर ठगों के जाल में फंस गया।

 

कुछ दिनों बाद खाते से निकल गए 6.87 लाख रुपये

लोकेंद्र ठाकुर के मुताबिक, लिंक पर क्लिक करने के कुछ दिन बाद 22 अक्तूबर को उसके केनरा बैंक खाते से बिना उसकी जानकारी के 6 बार लेन-देन हुआ। इन ट्रांजैक्शन के जरिए ठगों ने उसके खाते से करीब 6 लाख 87 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने के मैसेज आने के बाद उसे ठगी का पता चला।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच

ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर कुल्लू पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। साइबर सैल की मदद से ठगों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादी करवाने का झांसा देकर उड़ाए नगदी-गहने, डेढ़ साल बाद दबोची शातिर महिला

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर व्हाट्सएप या मोबाइल पर ई-चालान, बैंक या किसी अन्य काम से जुड़ा कोई अनजान मैसेज आए तो उसमें दिए लिंक पर तुरंत क्लिक न करें। पहले उसकी सही जानकारी संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या नंबर से जांच लें। थोड़ी सी सावधानी साइबर ठगी से बचा सकती है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख