कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बाह्य सिराज क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां 14 साल की एक नाबालिग लड़की के गर्भवती होने और घर पर गर्भपात होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए शिमला जिले के रामपुर स्थित एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

14 साल की नाबालिग गर्भवती 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के बाह्य सिराज क्षेत्र से सामने आया है। बीते कल शुक्रवार देर रात करीब 12:20 बजे परिजन नाबालिग को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जब उसकी जांच की तो पता चला कि शाम करीब 5 बजे घर पर ही उसका गर्भपात हुआ था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रेवल कंपनी ने रद्द किया 600 रुपये का टिकट, अब यात्री को मिलेगा 10 हजार मुआवजा

नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुनील दत्त ने तुरंत पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी।

शुरुआती जांच में गांव के व्यक्ति पर लगा आरोप

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि नाबालिग के साथ कथित तौर पर उसके ही गांव के एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया था। इसी वजह से वह गर्भवती हुई थी। पुलिस ने मेडिकल ऑफिसर की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) और पोक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें : पत्नी को UP से हिमाचल घुमाने लाया पति : गला का.ट खाई में फेंकी, सगा भाई-दोस्त भी शामिल

आरोपी की तलाश जारी, हर पहलू से हो रही जांच

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी हुई हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह घटना कब से चल रही थी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में रोष, पीड़िता का इलाज जारी

इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में लोगों में नाराजगी है। वहीं अस्पताल में नाबालिग का इलाज जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।