सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला से एक दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घर में किराये पर रह रहे एक युवक ने मकान मालकिन की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के समय महिला घर में अकेली थी। महिला की हत्या करने के बाद युवक ने कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस हादसे ने पूरे जिला में दहशत का माहौल बना दिया है।
महिला की बेरहमी से हत्या
यह वारदात सोलन जिला के सलोगड़ा क्षेत्र में बीती रात की है। सोलन सदर पुलिस थाना को सौंपी शिकायत में मृतक महिला के बेटे देवेंद्र कुमार ने बताया कि वह घर से बाहर था। जबकि उसके पिता रेलवे विभाग में ड्यूटी पर थे। घर पर उनकी माता 56 वर्षीय संतोष अकेली थी। देवेंद्र ने बताया कि वह बीती देर रात को घर लौटा तो घर में उसे मां कहीं नहीं मिली। काफी तलाश करने के बाद भी जब मां कहीं दिखाई नहीं दी तो वह उनके घर में पिछले एक साल से किराये पर रह रहे नेपाली मूल के युवक प्रेम के कमरे में पहुंचा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के पूर्व CM वीरभद्र सिंह को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि, नहीं पहुंचे सीएम सुक्खू
किराएदार के कमरे में मिला महिला का शव
देवेंद्र ने बताया कि जब वह नेपाली प्रेम के कमरे पर पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाजें देने के बाद भी जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो उसे कुछ संदेह हुआ। जिस प उसने दरवाजा तोड़ कर कमरे में प्रवेश किया। जैसे ही वह कमरे में पहुंचा तो अंदर का नजारा देख कर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
कमरे में हर तरफ फैला था खून
देवेंद्र ने बताया कि प्रेम के कमरे में फर्श पर उसकी माता का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। कमरे के चारों और खून फैला हुआ था। वहीं नेपाली प्रेम भी कमरे में बेहोश पड़ा मिला। देवेंद्र ने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी। देवेंद ने शक जताया है कि प्रेम ने ही उसकी मां की बेरहमी से हत्या की है और बाद में उसने कोई कीटनाशक निगल लिया।
यह भी पढ़ें : खेलते-खेलते टैंक में जा गिरा मासूम, बुजुर्ग ने गहरे पानी में कूदकर बचाई जान
आरोपी को आईजीएमसी किया रेफर
देवेंद्र की सूचना पर सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बेहोश पड़े नेपाली को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। नेपाली की पहचान 36 वर्षीय प्रेम निवासी जिला डेलग, नेपाल के रूप में हुई है। वारदात के समय वह नशे में भी बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस लॉकअप में नशेड़ी ने खत्म किया अपना जीवन, दो पुलिस कर्मी सस्पेंड- जानें पूरा मामला
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए और साक्ष्य जुटाने के लिए एसएफएसएल जुन्गा की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि आरोपी ने ही घर में महिला को अकेला पाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में खुद भी कीटनाशक निगल लिया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
