मंडी। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों की सूची में एक और भयावह घटना जुड़ गई है। यहां मंडी जिले के सैन मोहल्ले में एक महिला पर उसके पति ने ही तेजाब फेंक कर जानलेवा हमला किया है। घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों फैला दिए हैं।
पति ने पत्नी पर फेंका तेजाब
बताया जा रहा है महिला का पति मंडी शहर में चाय की दुकान चलाता है। लोगों का कहना है कि दोनों के बीच काफी समय से तनावपूर्ण संबंध बने हुए थे और उनके विवाद का मामला अदालत में भी लंबित है। इसी विवाद के चलते पति ने पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। इतना ही नहीं उसके बाद उसने पत्नी को छत की दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।
यह भी पढ़ें : संजौली मस्जिद विवाद: महिलाएं बोलीं - पुलिस दे गारंटी.. यहां नहीं होगी दिल्ली जैसी हरकत
खरीदा था एक मकान
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ममता (41) और उसका पति नन्द लाल मूल रूप से सरकाघाट क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों ने हाल ही में मंडी शहर के सैन मोहल्ला क्षेत्र में एक मकान खरीदा था। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी 16 साल की है और बेटा 18 साल का है।
बहस के बीच तैश में आया पति
शनिवार शाम नन्द लाल घर पहुंचा। घर में बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बहस और फिर तीखी कहासुनी में बदल गई। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान आरोपी पहले से साथ लाए तेजाब को ममता पर फेंक कर वहां से फरार हो गया। उसका यह कदम साफ दर्शाता है कि वारदात पूर्वनियोजित थी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस का कड़ा एक्शन- 15 युवकों को किया अरेस्ट, माहौल खराब करने की थी कोशिश
पड़ोसियों ने दिखाई संवेदनशीलता
घटना के बाद ममता चीखती हुई बाहर भागी। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मंडी के जोनल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया। तेजाब से उसके चेहरे और पीठ पर गहरे घाव आए हैं।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही SP मंडी साक्षी वर्मा और एएसपी अभिमन्यु वर्मा की टीम हरकत में आ गई। ASP अस्पताल पहुंचे और पीड़िता से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने देर रात आरोपी नन्द लाल को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : पानी योजना में भी घोटाला! विश्व बैंक ने भेजे 587 करोड़ - कंपनी तक नहीं पहुंचा पूरा पैसा
SP साक्षी वर्मा ने बताया मंडी शहर में एक महिला पर तेज़ाब फेंकने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी को पकड़ लिया गया है। हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
इस निर्मम वारदात के बाद स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। तेज़ाब हमलों को लेकर सख्त कानून मौजूद होने के बावजूद ऐसी घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं। महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा पर रोक को लेकर फिर से चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें : जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू के एक मंत्री के लिए भगवान से मांगी सद्बुद्धि, जानें क्यों
यह मामला न सिर्फ व्यक्तिगत विवाद का नतीजा है बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा का एक और दुखद उदाहरण भी है। पुलिस जांच जारी है और ममता की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
