#अपराध
October 14, 2026
हिमाचल : नदी में नहाने गया बुजुर्ग नहीं लौटा, किनारे मिले कपड़े और जूते- जांच में जुटी पुलिस
टैक्सी से मंदिर पहुंचा था बुजुर्ग
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां नदी में नहाने गया एक बुजुर्ग अचानक लापता हो गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब उसकी तलाश की गई, तो नदी किनारे उसके कपड़े और जूते मिले। इसके बाद से बुजुर्ग का कोई पता नही चला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के पुलिस थाना रक्कड़ के तहत चामुखा मंदिर से सामने आया है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति टैक्सी से चामुखा मंदिर में माथा टेकने आया था। मंदिर में दर्शन करने से पहले वह पास ही बह रही ब्यास नदी में नहाने चला गया।
जब बुजुर्ग काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो टैक्सी चालक उसे ढूंढने नदी किनारे पहुंचा। वहां उसे बुजुर्ग के कपड़े और जूते मिले, लेकिन बुजुर्ग का कोई पता नहीं चला। इसके बाद टैक्सी चालक ने बंगाणा टैक्सी यूनियन को इसकी जानकारी दी।
यूनियन के माध्यम से पुलिस थाना रक्कड़ को सूचना दी गई। लापता बुजुर्ग की पहचान रमेश चंद शर्मा (70) पुत्र चिंतराम निवासी गांव डोहगी, बंगाणा, जिला ऊना के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्र धीमान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू करवाया। एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि ब्यास नदी में लापता बुजुर्ग की तलाश की जा रही है। अभियान में SDRF की टीम को भी लगाया गया है। हालांकि, बीती शाम तक बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।