#अपराध

October 14, 2026

हिमाचल : नवरात्र में मंदिर गेट के सामने चिट्टा बेचने आया था युवक, ग्राहक से पहले पहुंची पुलिस

NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला

शेयर करें:

Himachal Pradesh news

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में नवरात्र के दौरान जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में माता रानी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस भीड़ का फायदा उठाकर नशे का कारोबार करने की कोशिश में लगे हैं। ऐसा ही एक मामला सिरमौर जिले से सामने आया है, जहां पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को ढेर सारे चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। 

गश्त के दौरान मिली चिट्टा बेचने की गुप्त सूचना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के पांवटा साहिब से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक के चिट्टा बेचने की सूचना मिली।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : नदी में नहाने गया बुजुर्ग नहीं लौटा, किनारे मिले कपड़े और जूते- जांच में जुटी पुलिस

सूचना में बताया गया कि शिलाई क्षेत्र के उत्तरी गांव का रहने वाला नक्ष चौहान कथित तौर पर शिलाई और पांवटा साहिब के आसपास चिट्टा बेचने का काम करता है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि युवक यमुना पुल, कुल्हाल के पास राम मंदिर के गेट के सामने मौजूद है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम

गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बिना देरी किए बताए गए स्थान पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने मौके पर मौजूद युवक की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 11.54 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। नशीला पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- आज काजा जा रहे CM सुक्खू : ग्रामीणों संग बिताएंगे वक्त, रात्रि ठहराव का भी प्रोग्राम

NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला

मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया था और वह इसे किन लोगों तक पहुंचाता था। साथ ही, नशे की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नशे के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस की जांच अब इस बात पर भी केंद्रित है कि बरामद चिट्टा आरोपी ने कहां से हासिल किया था और क्या उसके साथ इस कारोबार में दूसरे लोग भी शामिल हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख