ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पर एक होमगार्ड जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। जवान की मौत के बाद परिवार के साथ-साथ होमगार्ड विभाग में भी शोक का माहौल है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले गए परिजन
जानकारी के अनुसार, यह मामला दौलतपुर पुलिस चौकी का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अचानक होमगार्ड तबीयत खराब हो गई। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए चलेट के एक निजी अस्पताल में ले गए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बाप-बेटी ने रचा इतिहास- एक साथ की पढ़ाई, बेटी बनी टॉपर, पिता ने हासिल किया तीसरा स्थान
होशियारपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
होमगार्ड की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें पंजाब के होशियारपुर स्थित एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान चलेट निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मौत के कारणों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पहले से चल रहा था इलाज
बताया जा रहा है कि विजय कुमार पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। हालांकि, जहरीला पदार्थ निगलने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।विजय कुमार की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर से इलाके और होमगार्ड विभाग में शोक की लहर है।
DSP ने की मौत की पुष्टि
मामले की पुष्टि DSP अंब अनिल पटियाल ने की है। उन्होंने बताया कि जहरीला पदार्थ निगलने के बाद उपचार के दौरान होमगार्ड जवान की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।
