कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के धर्मशाला में पुलिस ने बड़ी चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने चोरी किया हुआ सामान भी बरामद कर लिया है।
घर खाली मिला तो चोरों ने कर दिया हाथ साफ
जानकारी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज टांडा में तैनात डॉ. अंजली श्रीकांत चव्हाण ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 28 जून को वह किसी काम से घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान उनके फतेहपुर स्थित घर में चोर घुस गए और लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के सामने ही शख्स पर किए कु*ल्हाड़ी से कई वार, निकला पुराना कनेक्शन- जानें
पुश्तैनी गहने, नकदी और CCTV DVR तक ले गए
चोर घर से पुश्तैनी सोने-चांदी के गहने, करीब 3 से 4 किलो चांदी का सामान, तीन मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने की बालियां, एक चांदी का नेकलेस और करीब 7 से 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगी CCTV की DVR भी साथ ले गए, ताकि कोई सबूत पीछे न रह जाए।
पुलिस ने जांच शुरू की, दो आरोपी आए पकड़ में
शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में चोरी की वारदात कबूल कर ली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मंजू मौ*त मामले में फिर सड़कों पर उतरे लोग, पति ने दे डाली आ*त्मदा.ह की चेतावनी
हमीरपुर में रेड कर बरामद किया चोरी का सामान
जिला कांगड़ा के SP कुलभूषण वर्मा ने बताया कि इस मामले में बंगाली कॉलोनी, गग्गल के रहने वाले अंजू और चंदन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान दोनों ने बताया कि चोरी का सोना-चांदी उन्होंने हमीरपुर के एक आभूषण व्यापारी को दे दिया था। इसके बाद पुलिस ने हमीरपुर में रेड कर करीब 15 तोला सोना, 1 किलो चांदी और चोरी की गई CCTV DVR बरामद कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
