सोलन। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस थाना सदर सोलन की टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए इसके मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चिट्टा और नकदी बरामद की गई है।
पूछताछ के बाद सामने आया तस्करी का पूरा नेटवर्क
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना सोलन में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी से कई अहम जानकारियां मिलीं। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें- हिमाचल: हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 24 वर्षीय युवक ने कमरे में खत्म कर ली जिंदगी
जांच में पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), व्हाट्सएप चैट, मोबाइल फोन डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को खंगाला। इन सबूतों के आधार पर पुलिस को नशा तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पता चला।
हरियाणा से हिमाचल में पहुंचाता था चिट्टा
जांच के दौरान सामने आया कि हरियाणा के कलायत क्षेत्र का रहने वाला राहुल भोरिया इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर था। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने पूरी योजना के साथ कार्रवाई की और उसे पंजाब के ढकोली, जीरकपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें-हिमाचल : शिव मंदिर के पास बिक रहा था चिट्टा, पुलिस ने पंजाबी समेत 2 को किया गिरफ्तार
38 ग्राम चिट्टा और हजारों रुपये की नकदी बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 38 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 35,900 रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह नशे का यह कारोबार कब से चला रहा था और उसके साथ कितने लोग जुड़े हुए हैं।
हिमाचल के कई जिलों में फैला था संपर्क
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी के हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में करीब 500 से 600 लोगों से सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से संपर्क थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी का नेटवर्क काफी बड़ा था और वह लंबे समय से नशे की सप्लाई कर रहा था।
यह भी पढ़े : हिमाचल : दिनदहाड़े स्कूल संचालिका को गो.लियों से भूना- प्रॉपर्टी को लेकर भाई से चल रहा था विवाद
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राहुल भोरिया के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में पहले से ही पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
बैंक खातों और मोबाइल रिकॉर्ड की भी जांच
पुलिस आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल डेटा, आर्थिक गतिविधियों और अन्य राज्यों में फैले संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अब तक कितनी मात्रा में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर चुका है और इससे जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
यह भी पढ़े : हिमाचल में दुल्हन बनकर ठगी! 3 महीने में रचाई 3 शादियां, मंदिर जाने के बहाने फरार हुई शीतल
युवाओं को नशे से बचाने के लिए जारी रहेगा अभियान
जिला पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
