#अपराध
June 14, 2026
हिमाचल में दुल्हन बनकर ठगी! 3 महीने में रचाई 3 शादियां, मंदिर जाने के बहाने फरार हुई शीतल
गांव के युवकों को बनाया ठगी का शिकार
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से जुड़े कथित फर्जी शादी प्रकरण में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। गलोड़ क्षेत्र से सामने मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ अब बिलासपुर जिले के जेजवीं क्षेत्र का एक परिवार भी सामने आया है।
परिवार का कहना है कि इसी तरह की कथित ठगी का शिकार बताया है। परिवार ने पुलिस के समक्ष अपने बयान दर्ज करवाए हैं, जिसके बाद जांच का दायरा और विस्तृत हो गया है।
जानकारी के अनुसार, शीतल नाम की एक महिला को लेकर अलग-अलग जिलों से कई दावे सामने आए हैं। आरोप है कि जनवरी महीने में जेजवीं क्षेत्र, फरवरी में गलोड़ तथा मई में बिलासपुर के बल्हसीना क्षेत्र में विवाह से जुड़े मामले सामने आए। हालांकि इन सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि विवाह के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य प्रतीत होता था, लेकिन कुछ समय बाद महिला विभिन्न कारणों का हवाला देकर घर से बाहर जाने लगी। कभी किसी रिश्तेदार के निधन का बहाना बनाया गया तो कभी धार्मिक स्थल जाने की बात कही गई। परिवारों के अनुसार, एक बार घर छोड़ने के बाद वह वापस नहीं लौटी।
यह भी पढ़े : हिमाचल : दिनदहाड़े स्कूल संचालिका को गो.लियों से भूना- प्रॉपर्टी को लेकर भाई से चल रहा था विवाद
मामले का एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि कथित तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के युवकों को निशाना बनाया जा रहा था। आरोप है कि कुछ बिचौलिए और महिलाएं परिवारों से संपर्क स्थापित कर रिश्ते तय करवाने में भूमिका निभाते थे। इसके बाद विवाह संपन्न होता और कुछ समय बीतने पर दुल्हन के अचानक लापता होने की घटनाएं सामने आती थीं।
जांच एजेंसियों को यह भी आशंका है कि विभिन्न जिलों में सामने आए मामलों के बीच आपसी संबंध हो सकते हैं। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब हर घटना को जोड़कर तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जेजवीं के परिवार के बयान दर्ज होने के बाद जांच और अधिक तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों का मिलान किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस कथित शादी ठगी नेटवर्क से जुड़े नए पहलू सामने आ रहे हैं। पुलिस का प्रयास है कि यदि किसी संगठित गिरोह की भूमिका रही है तो उससे जुड़े सभी लोगों की पहचान कर कानून के दायरे में लाया जाए। फिलहाल जांच जारी है और कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।