सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। शुरुआत में यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की तेज जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दम पर मृतक की पत्नी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पर मिलकर पति की हत्या करने का आरोप है।

झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव

मामला सोलन जिले के धर्मपुर थाना क्षेत्र का है। रविवार को पुलिस चौकी डगशाई को सूचना मिली कि जोहड़ पटियाला के नीचे कच्ची सड़क के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। शव पूरी तरह खून से लथपथ था और सड़क पर भी काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान

रूप लाल उम्र 40 साल के रूप में हुई। वह नेपाल का रहने वाला था और पिछले करीब तीन महीने से अपने परिवार के साथ धर्मपुर क्षेत्र में रहकर मजदूरी कर रहा था।

शनिवार शाम घर से निकला, फिर नहीं लौटा

पुलिस जांच में सामने आया कि रूप लाल शनिवार शाम अपने साडू (पत्नी के बहनोई) को छोड़ने के लिए घर से पैदल निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद रविवार को उसका शव झाड़ियों में मिला। स्थानीय निवासी बलदेव की शिकायत पर धर्मपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

घटनास्थल से मिला खून से सना चाकू

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राज्य फॉरेंसिक साइंस लैब (SFSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई अहम सबूत जुटाए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल शिक्षा मंत्री को अचानक मिले निर्देश! स्कूल भवन का नहीं कर पाए उद्घाटन- जानें वजह

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से खून से सना एक चाकू भी बरामद हुआ, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया माना जा रहा है। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए।

पत्नी पर हुआ शक, पूछताछ में कबूल किया जुर्म

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयानों को खंगाला। इसी दौरान पुलिस का शक मृतक की पत्नी चन्द्रा चलाउने पर गया।

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सलाह! बोले- सख्ती बरतें वरना...

जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। पूछताछ में उसने बताया कि इस हत्या में उसका साथी चक्रा बहादूर कामी भी शामिल था।

साथी को कुमारहट्टी से किया गिरफ्तार

पत्नी के बयान के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी चक्रा बहादूर कामी को कुमारहट्टी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला आपसी साजिश के तहत की गई हत्या का लग रहा है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ठेकेदार ने 4 बेटियों से छीना पिता का साया! शट डाउन लिए बिना पोल पर चढ़ाया शख्स

4 घंटे में सुलझी ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी

इस मामले में शुरुआत में पुलिस के पास न कोई प्रत्यक्षदर्शी था और न ही कोई साफ सुराग। इसलिए इसे पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर माना जा रहा था।

इसके बावजूद धर्मपुर पुलिस ने तकनीकी जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और तेजी से की गई पूछताछ के आधार पर महज चार घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

क्या बोले SP सोलन ?

SP सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए तकनीकी विश्लेषण, भौतिक साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर मामले का खुलासा किया। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश और मकसद की जांच कर रही है।