बद्दी। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा है, जब प्रदेश में कहीं ना कहीं से कोई नशा तस्करी का मामला सामने नहीं आ रहा है। लेकिन अब नशा तस्करी के इन बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए सरकार और पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। नशा तस्करों की संपत्ति को भी सीज किया जा रहा है और उस पर बुल्डोजर भी चलाया जा रहा है।
सोलन के बद्दी का मामला
ऐसा ही एक मामला हिमाचल के सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से सामने आया है। यहां पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने नशा तस्कर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी संपत्ति पर जेसीबी चला दी है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने सरकारी भूमि पर नशा तस्कर द्वारा किए गए कब्जे को छुड़वाया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध मुक्त समाज की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की शर्तों पर चलेंगे ये 4 बिजली प्रोजेक्ट, CM सुक्खू की सख्ती ने बढ़ाई प्रदेश की आर्थिकी
आरोपी पर एनडीपीएस के चार मामले हैं दर्ज
दरअसल सोलन जिला के बद्दी के तहत गांव किशनपुरा डाकघर गुरुमाजरा के सर्वजीत सिंह उर्फ चिम्मा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं। सर्वजीत के परिवार ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर उस पर अवैध निर्माण कर लिया था। जांच के दौरान पुलिस को सर्वजीत के परिवार द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा करने की बात सामने आई। जिस पर पुलिस ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मिलकर निशानदेही करवाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शहीद दिलावर खान को कीर्ति चक्र, भावुक हो गईं मां- 2 आतं*कियों को किया था ढेर
पुलिस के पहरे में गिराया अवैध निर्माण
निशानदेही में आरोपी के परिवार द्वारा एक बिस्वा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया। जिस पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी से अवैध निर्माण को धवस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। ताकि किसी तरह की कोई बड़ी घटना ना हो।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटी ने दृष्टिबाधा को मात देकर फतेह किया माउंट एवरेस्ट, बचपन में चली गई थी रोशनी- रचा इतिहास
क्या कहते हैं एसपी बद्दी
मामले की पुष्टि करते हुए बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विनोद धीमान ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सरकार के निर्देश पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं नशा तस्करी से अर्जित की गई संपत्तियों को भी पुलिस कब्जे में लेगी।
बता दें कि हिमाचल पुलिस नशा तस्करों की अब तक करोड़ों रुपए की अवैध संपत्ति को सीज कर चुकी है। पुलिस की इस तरह की कार्रवाई के बाद नशा तस्करों के अंदर भी डर का माहौल पैदा हो रहा है।
