सोलन। जमाना चाहे जितना आगे बढ़े जाए, घरेलू विवाद आज भी हमारे समाज की वो समस्या है जो पलभर में खौफनाक मोड़ ले लेती है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पति-पत्नी में हुई कहासुनी का ऐसा अंत हुआ कि एक परिवार पूरी तरह तहस-नहस हो गया।

पति-पत्नी ने दे दी जान

घटना बद्दी के हाउसिंग बोर्ड फेज-3 से सामने आई है। मंगलवार की शाम एक हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बनकर आई जहां आपसी तकरार और गुस्से के आवेश में एक दंपति ने मौत को गले लगा लिया। ये घटना ना केवल दुखद है बल्कि समाज के सामने मानसिक स्वास्थ्य और गुस्से पर नियंत्रण जैसे गंभीर सवाल भी खड़े करती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : आरक्षण रोस्टर में छेड़छाड़! जयराम ने CM के फैसले को बताया गलत

विवाद से शुरू हुआ सब

मिली जानकारी के अनुसार भीष्म नाम का व्यक्ति बद्दी की ही एक कंपनी में ठेकेदार के रूप में कार्यरत था। वो अपनी पत्नी और पांच वर्षीय बेटे के साथ हाउसिंग बोर्ड फेज-3 में रह रहा था। मंगलवार शाम को किसी बात को लेकर भीष्म और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर पत्नी ने कमरे के अंदर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

पति ने पुलिस को दी सूचना

घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पत्नी की मौत के बाद भीष्म ने खुद शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को फोन किया। उसने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी के साथ उसकी बहस हुई थी और उसने फांसी लगा ली है। फोन करने के बाद पुलिस तुरंत मौके के लिए रवाना हुई लेकिन जब तक टीम वहां पहुंचती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पत्नी के चले जाने के गम या डर ने भीष्म को इस कदर तोड़ दिया कि पुलिस के पहुंचने से पहले उसने भी दूसरे कमरे में जाकर फंदा लगा लिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल विश्वविद्यालय से परेशान छात्र ने उठाया गलत कदम, नोट में लिखी गंभीर बातें- कैंपस में हंगामा

ट्यूशन गया था मासूम बेटा

इस पूरी घटना में सबसे भावुक कर देने वाला पहलू इनका पांच साल का बेटा है। जिस वक्त घर के अंदर ये खौफनाक मंजर चल रहा था, उस समय बच्चा घर पर नहीं था। वो ट्यूशन पढ़ने गया हुआ था। शायद कुदरत ने उसे इस भयानक दृश्य को देखने से बचा लिया लेकिन ट्यूशन से लौटकर जब वो घर आया, तब तक उसके सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ चुका था। फिलहाल पुलिस ने बच्चे को उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया है। उस मासूम को शायद अभी ये भी एहसास नहीं है कि उसने क्या खो दिया है।

 

पुलिस कर रही है कार्रवाई 

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया लेकिन शुरुआती जांच में वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पुलिसवाले ने मांगी रिश्वत... नहीं दे पाया युवक, तो काटा 5000 का चालान

पुलिस के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती ये पता लगाना है कि वो कौन सी बात थी जिसने बात को आत्महत्या तक पहुंचा दिया। क्या ये सिर्फ गुस्सा था या परिवार किसी लंबे समय से चले आ रहे विवाद या तनाव से गुजर रहा था ? पुलिस अब दंपति के मोबाइल रिकॉर्ड्स, पारिवारिक परिस्थितियों और उनके परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।