सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में सिरमौर जिले में दुकान में घुसकर बाप-बेटे पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना माजरा के तहत कोलर क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी रमन समेत तीन आरोपियों को सिरमौर पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। 

बाप-बेटे पर तलवारों और डंडों से हमला

बता दें कि बीते 11 मई 2026 को कोलर क्षेत्र में कुछ युवक अचानक एक दुकान में घुस गए थे और वहां मौजूद बाप-बेटे पर तलवारों और डंडों से हमला कर दिया था। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल बन गया था। मामले को लेकर थाना माजरा में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।

हरियाणा में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी  

जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP सिरमौर के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। थाना माजरा पुलिस और साइबर सेल ने मिलकर तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और गुप्त सूचनाओं के आधार पर हरियाणा में कई जगह दबिश दी।

वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहनों को भी कब्जे

लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रमन सहित तीन युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहनों को भी कब्जे में लिया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 51 ग्राम चिट्टे के लिए साढ़े पांच साल चला केस, अब मिली महिला को कठोर सजा

क्या था पूरा मामला ? 

पुलिस के अनुसार यह घटना 11 मई 2026 की रात को हुई थी। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवक एक काले रंग की गाड़ी में सवार होकर कोलर गांव पहुंचे थे। सभी ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।

पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल

हमलावर सीधे एक दुकान में घुस गए और वहां मौजूद विशाल कुंडल और उसके पिता पर तलवारों और डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल नगर निकाय चुनाव : लोगों में भारी उत्साह, वोट डालने के लिए बूथ के बाहर लगी लंबी-लंबी कतारें

पुरानी कहासुनी बनी हमले की वजह

शिकायतकर्ता विशाल कुंडल ने पुलिस को बताया कि घटना से दो दिन पहले एक डंपर चालक और उसके पिता के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर रंजिश बढ़ गई और बाद में हमला कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया था।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

घटना के बाद थाना माजरा में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और आखिरकार हरियाणा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बढ़ती महंगाई के बीच गैस संकट, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर- लोग परेशान

पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी

SP सिरमौर NS नेगी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे की पूरी साजिश और अन्य शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

मामले में हो सकते हैं और खुलासे

पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जो भी आरोपी इस वारदात में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें