शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना में एक सगे मामा ने ही अपने भांजे को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मामा अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ मौके से फरार हो गया था, लेकिन शिमला पुलिस की तेज कार्रवाई ने महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। 

मामा ने ही ली भांजे की जान

घटना दो दिन पहले ठियोग क्षेत्र के ग्राम जराई की है, जहां एक बाग में बने डेरे में काम करने के लिए एक नेपाली परिवार रह रहा था। जानकारी के अनुसार परिवार में सुरेश, उसकी पत्नी कविता, तीन बेटियां और दो बेटों के अलावा एक भांजा धनीराम भी साथ रह रहा था। 28 फरवरी की सुबह जब बगीचे का मालिक जगदीश डेरे पर पहुंचा तो दोनों कमरे बंद मिले। एक कमरे में कोई नहीं था, जबकि दूसरे कमरे का दरवाजा खोलने पर धनी राम फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। मौके की स्थिति देखकर तुरंत हत्या की आशंका जताई गई और पुलिस को सूचना दी गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल को केंद्र से मिलेगा खास फाइनेंशियल पैकेज ! सीएम सुक्खू ने दिल्ली में वित्त मंत्री से मांगा सहयोग

हत्या के बाद परिवार सहित फरार हुआ आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रात के दौरान ही मामा सुरेश ने अपने भांजे की हत्या कर दी और फिर पत्नी व पांच बच्चों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और एफएसएल विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल का गठन किया गया।

यह भी पढ़ें : HRTC की नई पहल : बसों में शुरू होगी कुरियर सेवा, 3 रुपये प्रति KM रहेगा किराया

24 घंटे में पकड़ा हत्या का आरोपी

शिमला पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और डिजिटल तकनीक की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान खुफिया सूचना मिली कि आरोपी शरमला पंचायत के गांव शर्मठू में छिपा हुआ है। जिसके चलते बीते रोज पहली मार्च को पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी सुरेश को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी को दबोचते हुए मामले को सुलझा लिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दर्जी के बेटे ने रचा इतिहास, पास की सबसे कठिन परीक्षा; मृ.त मां का पूरा किया सपना

शराब के नशे और पुरानी रंजिश में हुई हत्या

पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने शराब के नशे में पुरानी रंजिश के चलते कृषि उपकरण को हथियार बनाकर अपने ही भांजे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर और पूछताछ करेगी और वारदात को अंजाम देने के लिए प्रयोग किए गए हथियार को भी कब्जे में लेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गो.लीकांड : युवक पर किए 20 राउंड फायर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

जांच अभी जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि गुस्से और नशे में लिया गया एक फैसला किस तरह रिश्तों को हमेशा के लिए खत्म कर देता है। शिमला पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की हैए जिसने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में ला दिया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें