#अपराध
March 2, 2026
हिमाचल में गो.लीकांड : युवक पर किए 20 राउंड फायर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
सोलन में सरेआम फायरिंग, तीन गोलियां लगने से युवक गंभीर
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश की औद्योगिक नगरी बद्दी एक बार फिर गोलियों की आवाज से दहल उठी। जिला सोलन के बद्दी के मखनूमाजरा क्षेत्र में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बलविंद्र उर्फ बलू पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सरेआम हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे बलविंद्र अपने कुछ साथियों के साथ मखनूमाजरा मुख्य सड़क पर मौजूद था। इसी दौरान एक कार में सवार तीन अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने 20 से अधिक राउंड फायर किए। जान बचाने के लिए बलविंद्र ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा करते हुए लगातार गोलियां चलाईं।
इस हमले में बलविंद्र को तीन गोलियां लगी हैं। उसे तुरंत बद्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बद्दी पुलिस अधीक्षक ने हमलावरों की तलाश के लिए पांच विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस बीच लॉरेंस ग्रुप द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से हमले की जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस आधिकारिक पुष्टि से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह हमला पंजाब के युवा अकाली नेता विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की मिड्डूखेड़ा हत्याकांड के आरोपी सन्नी लेफ्टी से जुड़े विवादों और नालागढ़ में सिमरन सिमू हत्याकांड की पृष्ठभूमि से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस ने तीन आरोपियों शिवदत्त पंडित निवासी किशनपुरा, राजन निवासी मैरीवाला और रोहित की पहचान कर ली है। जांच में दो अन्य संदिग्धों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी पहचान की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक 24 मई 2021 को खेड़ा में हुए गोलीकांड में सिमरन सिंह उर्फ सिमू की हत्या के बाद से दो गुटों के बीच तनाव बना हुआ था। उसी मामले में आरोपी रहे बलविंद्र हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
ऐसे में इस हमले को बदले की कार्रवाई के रूप में भी देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। फिलहाल बद्दी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गहन जांच जारी है।