शिमला। हिमाचल प्रदेश में आए दिन महिलाओं युवतियों के साथ दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं। अब तो देवभूमि में छोटी छोटी बच्चियों के साथ भी हैवानियत हो रही है। ऐसा ही एक मामला हिमाचल की राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां एक स्कूली छात्रा, जिसकी उम्र मात्र 15 साल है वह 9 माह की गर्भवती पाई गई है। लड़की की मां ने इसको लेकर पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है।
15 वर्षीय लड़की 9 माह की गर्भवती
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला शिमला जिला के उमपंडल रामपुर से सामने आया है। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब लड़की बीमार रहने लगी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। जब अस्पताल में चिकित्सकों ने लड़की की मेडिकल जांच की तो पीड़िता 9 माह की गर्भवती पाई गई। जिसकी जानकारी डॉक्टरों ने परिजनांे को दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव- बिना बैग स्कूल आएंगे बच्चे, टीचिंग-डे बढ़े
पीड़िता नही जानती किसने किया दुष्कर्म
डॉक्टरों की बात सुन कर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने जब लड़की से इस बारे में पूछा, तो पीड़िता ने बताया कि वह नहीं जानती कि यह बच्चा किसका है और किसने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर रामपुर पुलिस ने दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू आज जाएंगे दिल्ली: नए मंत्री और संगठन को लेकर होगी चर्चा, धुकधुकी बढ़ी
15 साल की लड़की से अज्ञात शख्स ने की नीचता
पीड़िता की मां ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि उनकी 15 साल की बेटी के साथ नौ माह पहले किसी अज्ञात शख्स ने दुष्कर्म किया था। जिसके चलते उनकी बेटी गर्भवती हो गई है। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी के पेट में दर्द होने लगा था। जिसके चलते वह उसे उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां डॉक्टरों ने पीड़िता का अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी।
अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट में हुआ खुलासा
मां के अनुसार जब बेटी का अल्ट्रासाउंड करवाया तो उसकी रिपोर्ट में उनकी बेटी नौ माह की गर्भवती पाई गई। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। पीड़िता की मां ने तुरंत रामपुर पुलिस थाने में अज्ञात शख्स के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पीड़िता से इस बारे में बात की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : विवाहिता ने छोड़ी दुनिया, मायका पक्ष ने पति पर जड़े आरोप
क्या बोले डीएसपी रामपुर
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और पॉक्सो अधिनियम की धारा छह (यौन हमला) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस सिलसिले में आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। वहीं पीड़िता अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी हालत सामान्य है।
