#अपराध
February 17, 2025
हिमाचल : विवाहिता ने छोड़ी दुनिया, मायका पक्ष ने पति पर जड़े आरोप
पांच साल के बेटे से छिन गई मां, दूसरी पत्नी के साथ रहता है पति
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। महिला मौत उसके ससुराल में हुई है। घटना के वक्त महिला के साथ उसका बेटा सो रहा था। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि महिला मनरेगा में दिहाड़ी-मजदूरी का काम करती थी। महिला अपने पीछे पांच साल का बेटा छोड़ गई है। महिला का पति अपनी दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, महिला बीती शनिवार को मनरेगा के तहत काम करने के बाद घर लौटी। उसी रात करीब 2.30 बजे उसके साथ सो रहे बच्चे की नींद खुली तो उसने देखा कि उसकी मां बेसुध पड़ी हुई थी। मां को ऐसी हालत में देख बच्चा घबरा गया और तुरंत भागता हुआ दादी के कमरे में गया।
बच्चे ने दादी को पूरी बात बताई। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए और तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। मृतका की पहचान दिनेश्वरी (35) के रूप में हुई है- जो कि अंदरोली गांव की रहने वाली थी। दिनेश्वरी मूल रूप से रोहड़ू की रहने वाली थी।
दिनेश्वरी की 6 साल पहले अंदरोली गांव के दिनेश के साथ शादी हुई थी। मगर शादी के कुछ ही समय बाद दिनेश ने दूसरी शादी कर ली और सोलन में ही रहने लग गया। जबकि, दिनेश्वरी अपने पांच साल के बेटे के साथ अंदरोली में रह रही थी।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने मृतका के पति दिनेश पर हत्या के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दिनेश पिछले पांच साल से घर से गायब है और सोलन में अपनी दूसरी पत्नी के साथ रह रहा है। कई बार दिनेश्वरी दिनेश का पास सोलन भी गई, लेकिन दिनेश ने हर बार उसे वहां से अपमानित करके वापस भेज दिया।
उन्होंने बताया कि दिनेश आए दिन दिनेश्वरी को प्रताड़ित करता था और फोन पर धमकियां भी देता था। उनका कहना है कि दिनेश किसी अपराधी गैंग के साथ भी जुड़ा हुआ है। जिसके कारण पिछले कुछ समय से वो सोलन से भी गायब है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता लगा पाएगा। शुरुआती जांच में महिला के गले पर चोटों के निशान मिले हैं- जिससे ये मामला हत्या का लग रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम दिनेश की तलाश में जुट गई है।