शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम के हाथ बड़ी सफलता लगी है। यहां पुलिस ने नशे की खेप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ढेर सार चिट्टा बरामद हुआ है।
गुप्त सूचना पर शोघी बैरियर में बिछाया जाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला पुलिस की स्पेशल सेल को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग वाहन में बड़ी मात्रा में चिट्टा लेकर शोघी बैरियर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए इलाके में नाकाबंदी कर दी और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट ने दिए सख्त आदेश, कहा- हिमकेयर फंड जल्द करें जारी
तलाशी के दौरान वाहन से बरामद हुआ 242 ग्राम चिट्टा
कुछ देर बाद पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 242 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके बाद वाहन में सवार तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की पहचान
- इन्द्रदेव उर्फ दाणू, निवासी सुन्नी, जिला शिमला
- मोती शर्मा, निवासी न्यू शिमला।
- सूरज चौहान, मूल निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट की अहम बैठक जल्द, शिक्षक भर्ती से लेकर फर्जी इंटरनेट पोर्टल्स पर हो सकते हैं बड़े फैसले
NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि उनसे गहन पूछताछ की जा सके।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 53 से ज्यादा मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस मामले का मुख्य आरोपी इन्द्रदेव उर्फ दाणू पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ 53 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की महिलाओं के लिए खुशखबरी : इन पदों पर होगी भर्ती, जानें इंटरव्यू की डेट
इनमें एनडीपीएस एक्ट के 9 मामले, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी जैसे कई गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि वह लंबे समय से कानून के निशाने पर रहा है और नशा तस्करी से जुड़े मामलों में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।
कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था आरोपी
जांच के दौरान यह भी पता चला कि इन्द्रदेव उर्फ दाणू को पहले PIT-NDPS Act के तहत तीन महीने के लिए हिरासत में रखा गया था। वह 21 जून 2026 को ही जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के कुछ ही दिनों बाद वह फिर से नशा तस्करी के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस वजह से पुलिस अब उसके पुराने नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल शर्मसार! अपनी बेटी के साथ पिता ने की नीचता, अदालत ने 20 साल के लिए भेजा जेल
कई इलाकों में फैला था नशा तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी सुन्नी, रामपुर, कुमारसैन और शिमला के अन्य क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पुलिस का मानना है कि वह लंबे समय से युवाओं तक चिट्टा पहुंचाने का काम कर रहा था। अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और किन इलाकों में नशे की सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस रिमांड लेकर होगी गहन पूछताछ
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि चिट्टा कहां से लाया गया था, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस पूरे कारोबार में कितने लोग शामिल हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
