सोलन। हिमाचल प्रदेश में सियासत और कानून से जुड़े एक बड़े मामले में जांच एजेंसियों ने अपनी जांच पूरी कर ली है। प्रदेश BJP के अध्यक्ष राजीव बिंदल के बड़े भाई राम कुमार बिंदल के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है।
बता दें कि फॉरेंसिक रिपोर्ट में सामने आए सबूतों ने इस केस को निर्णायक मोड़ पर ला खड़ा किया है, जिससे साफ है कि अब यह मामला केवल आरोपों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया की ठोस जमीन पर पहुंच चुका है।
दो स्थानों पर मैच हुआ सलाइवा
पुलिस के अनुसार, फॉरेंसिक जांच में आरोपी का सलाइवा दो स्थानों पर मैच हुआ है, जिससे मामले में साक्ष्य और मजबूत हुए हैं। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में अगला कदम उठाते हुए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। ऐसे में माना जा रहा है कि राम कुमार बिंदल की मुश्किलें बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी शिक्षकों के लिए बुरी खबर : नहीं मिलेंगी सर्दियों की छुट्टियां, जानें कारण
10 अक्तूबर को हुई थी गिरफ्तारी
बता दें कि सोलन पुलिस ने राम कुमार बिंदल को 10 अक्तूबर को 25 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया था। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई।
इलाज के बहाने बुलाने का आरोप
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया था कि आरोपी पेशे से वैद्य है। सात अक्तूबर को वह इलाज के लिए उसके पास गई थी, इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : हंसते-खेलते दो परिवार उजड़े, एक ने निगला जह*र; दूसरे की पशुशाला में मिली देह
फॉरेंसिक रिपोर्ट से केस में लिया टर्न
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सलाइवा के सैंपल लेकर उन्हें जुन्गा स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा था। रिपोर्ट में दो स्थानों से आरोपी का सलाइवा मैच होना सामने आया है, जिसे पुलिस ने चार्जशीट का अहम हिस्सा बनाया है।
बीमारी के चलते अस्पताल में रहा आरोपी
इस बीच 81 वर्षीय आरोपी राम कुमार बिंदल की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान भी पुलिस की निगरानी बनी रही और जांच प्रक्रिया जारी रखी गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के बागवानों को सुप्रीम कोर्ट से राहत- नहीं कटेंगे सेब के बगीचे, HC का फैसला रद्द
SP बोले- जांच पूरी
SP गौरव सिंह का कहना है कि मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर ली है, जिसके बाद चार्जशीट कोर्ट में पेश कर दी गई है। अब आगे की कार्रवाई कोर्ट के स्तर पर ही जारी रहेगी।
